Sardarshahar थाना पुलिस ने जेबतराशी के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की पूरी राशि बरामद कर ली है।
यह कार्रवाई चूरू जिला पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम. के निर्देश पर की गई।
बस से उतरते समय हुई थी वारदात
पुलिस के अनुसार शिमला निवासी करणी सिंह ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि 14 मई को वह बस से बीकानेर जा रहे थे।
सुबह करीब 9:15 बजे जब वह सरदारशहर कच्चा बस स्टैंड पर बस से उतर रहे थे, तभी दो-तीन अज्ञात बदमाशों ने उनकी जेब से एक लाख रुपए चोरी कर लिए और फरार हो गए।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों से मिली सफलता
मामले के खुलासे के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार और वृताधिकारी कुलदीप वालिया के सुपरविजन में विशेष टीमों का गठन किया गया।
थानाधिकारी मदनलाल विश्नोई और सउनि प्रतापसिंह के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने सरदारशहर, रतनगढ़, सुजानगढ़ और सीकर में सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों से जानकारी जुटाई।
आरोपी गिरफ्तार, एक लाख रुपए बरामद
जांच के दौरान पुलिस ने छापर निवासी 55 वर्षीय बजरंगलाल सोनी को गिरफ्तार किया।
न्यायालय से पुलिस रिमांड मिलने के बाद आरोपी से पूछताछ की गई। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से चोरी किए गए पूरे एक लाख रुपए बरामद कर लिए।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस अब इस वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
अधिकारियों का कहना है कि मामले में जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।





