Breaking Liveचुरूताजा खबरपरेशानीविशेषवीडियो

Video News – शहर की लड़खड़ाती ट्रैफिक व्यवस्था बनी नासूर

जाम के झंझट से हर दिन लोग परेशान,7 ट्रैफिक पुलिस कर्मियों के भरोसे शहर की यातायात व्यवस्था

चूरू, [सुभाष प्रजापत ] सरदारशहर में इन दिनों ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई हुई है। मुख्य बाजार, कृष्णा बस स्टैंड, रोडवेज बस स्टैंड, लेडीज मार्केट, शनि मंदिर व दुगड़ विद्यालय रोड़ आदि जगहों पर बदहाल यातायात व्यवस्था के कारण बार बार जाम लग जाता है। जाम रहने से स्कूली वैन, एंबुलेंस,फायर बिग्रेड व सरकारी विभाग की गाड़ियों को भी ट्रैफिक से निकलने के लिए इंतजार करना पड़ता है। शहर के मुख्य बाजार में पीके ट्रेडर्स से लेकर घंटाघर,गांधी चौक तक तो हालत इतने ज्यादा खराब है,कि वाहनों को रैंग रैंग कर चलना पड़ता है। शहर की यातायात व्यवस्था केवल 7 ट्रैफिक कर्मियों के भरोसे है। मुख्यतः यातायात‌ कर्मी घंटाघर, गांधी चौक, रेलवे स्टेशन, कृष्णा व बस स्टैंड पर यातायात व्यवस्था व्यवस्था संभालते हैं,जो पर्याप्त नहीं है। शहर में सुबह से लेकर शाम तक वाहनों की रेलमपेल लगी रहती है। जानकारी के अनुसार शहरी क्षेत्र में 2000 से अधिक टेंपो चलते हैं इसके अलावा तहसील क्षेत्र के 210 गांवों के दुपहिया और चौपहिया वाहन सड़कों पर दौड़ते है,जिसके कारण दिन-ब-दिन ट्रैफिक व्यवस्था नासूर बनती जा रही है। कहने को तो यातायात पुलिस ने शहर में नो एंट्री के साइन बोर्ड लगा रखे हैं, फिर भी तिपहिया वाहन और चौपहिया वाहन यातायात नियमों की अवहेलना करते हुए नो एंट्री में घुसे चले आते हैं और सड़कें सकडी होने के चलते दो वाहन आमने-सामने आते ही जाम लग जाता है।

इसी तरह मुख्य बाजार में दुकानों के आगे पिकअप व कारें खड़ी होने से बार-बार जाम लगता है,जिसके चलते बढ़ते यातायात दवाब को कंट्रोल करना मुश्किल हो रहा है। इसके साथ ही दुकानों के आगे उनके ही दुपहिया वाहन खड़े रहते हैं, जिससे मार्ग और भी संकड़ा हो जाता है और ट्रैफिक व्यवस्था भंग होती हैं। शहर में नगरपरिषद द्वारा पार्किंग स्थल तय नहीं किए जाने के कारण वाहन चालक मनमर्जी के मुताबिक कहीं भी वाहनों को पार्क कर देते हैं, जिसके चलते अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। नगरपरिषद मुख्य स्थानों के आसपास पार्किंग स्थल तय करे तो समस्या का हल हो सकता है।
यातायात प्रभारी गणपत राम ने बताया कि शहर में वाहनों की बढ़ती संख्या के कारण ट्रैफिक व्यवस्था को कंट्रोल करना मुश्किल हो रहा है। विवाह शादियों के कारण 210 गांवों के लोग वाहन लेकर शहरी क्षेत्र में खरीददारी करने आते हैं, जिसके कारण यातायात व्यवस्था संभालना मुश्किल हो जाता है। उन्होंने बताया कि नगरपरिषद और दुकानदारों द्वारा भी ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रखने में सहयोग नहीं मिल रहा है, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था संभालने में मुश्किलें आ रही है फिर भी, यातायात पुलिस ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए निरंतर प्रयासरत है। शेखावाटी लाइव के लिए चूरू से सुभाष प्रजापत की रिपोर्ट

Related Articles

Back to top button