चिड़ावा (मनीष शर्मा)। जिले में चल रहे सड़क सुरक्षा अभियान के तहत चिड़ावा सर्किल में पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को सर्किल के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष वाहन जांच अभियान चलाकर करीब 500 चालान काटे गए।
यह अभियान पिछले लगभग 10 दिनों से लगातार जारी है और यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है।
पांच थाना क्षेत्रों में हुई सघन जांच
पुलिस द्वारा चिड़ावा, पिलानी, सूरजगढ़, मंड्रेला और सुलताना थाना क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की गई।
जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
इन उल्लंघनों पर काटे गए चालान
अभियान के दौरान निम्न प्रकार की अनियमितताओं पर विशेष कार्रवाई की गई:
- प्रेसर हॉर्न का उपयोग
- वाहन पर अनाधिकृत लिखावट
- काली फिल्म (ब्लैक फिल्म)
- लोहे की गार्डर/बम्पर
- लाल-नीली बत्ती का अवैध उपयोग
- अवैध वाहन मॉडीफिकेशन
- अन्य यातायात नियम उल्लंघन
चिड़ावा में अकेले 100 चालान
वृताधिकारी विकास धींधवाल के नेतृत्व में चिड़ावा थाना क्षेत्र में भी विशेष अभियान चलाया गया।
थानाधिकारी एवं प्रशिक्षु आरपीएस अंबिका चौधरी के निर्देशन में चिड़ावा शहर में करीब 100 चालान काटे गए।
“यातायात नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। वाहन चालक नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा करें।” अंबिका चौधरी, प्रशिक्षु आरपीएस
सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस सख्त
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभियान का मुख्य उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और दुर्घटनाओं को कम करना है।
नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी नियमित कार्रवाई जारी रहेगी।
वाहन चालकों को दी चेतावनी
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वाहन चालक अपने वाहनों से अवैध मॉडीफिकेशन हटाएं, निर्धारित मानकों का पालन करें और यातायात नियमों की अवहेलना न करें।
अभियान आगामी दिनों में भी जारी रहेगा।





