झुंझुनूताजा खबर

विश्व जनसंख्या दिवस पर सूरजगढ़ से उठी जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाने की मांग

सूरजगढ़ उपखंड अधिकारी कविता गोदारा को प्रधानमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

झुंझुनू, विश्व जनसंख्या दिवस के उपलक्ष में राष्ट्रीय साहित्यिक व सामाजिक संस्थान आदर्श समाज समिति इंडिया द्वारा सामाजिक कार्यकर्ता जगदेव सिंह खरड़िया के नेतृत्व में जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाने के संबंध में सूरजगढ़ उपखंड अधिकारी कविता गोदारा को प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से देश की सबसे बड़ी और सबसे जुड़ी एक ज्वलंत समस्या जनसंख्या विस्फोट पर प्रभावी नियंत्रण और उसके स्थाई व दीर्घकालिक समाधान के लिए भारत सरकार से एक कठोर और प्रभावशाली जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाने की मांग उठाई गई है। आदर्श समाज समिति इंडिया के अध्यक्ष धर्मपाल गांधी ने बताया कि हमारे देश में तेजी से बढ़ती आबादी सबसे बड़ी समस्या है। संयुक्त राष्ट्र संघ के मुताबिक 2023 में हम चीन को पीछे छोड़कर जनसंख्या के मामले में विश्व में सबसे आगे हैं। हमारे देश की आबादी 145 करोड़ के आसपास पहुंच चुकी है। लगातार बढ़ती जनसंख्या हमारे भविष्य के लिए अभिशाप बन गई है। पर्यावरण प्रदूषण के कारण लोग विभिन्न बीमारियों से पीड़ित हैं और प्राकृतिक सौंदर्य कम होता जा रहा है। इससे बेरोजगारी, महामारी, भुखमरी, अशिक्षा जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। आंकड़ों के मुताबिक भारत में अधिकांश आबादी गरीब सामाजिक-आर्थिक पृष्ठभूमि रखने वाले लोगों के बीच बढ़ी है। सुविधा विहीन गरीब परिवारों की राह में नागरिक सुविधाओं की गंभीर समस्या है। इस बढ़ती आबादी को पीने का साफ पानी भी नहीं मिल रहा है, शिक्षा और रोजगार की बात करना तो व्यर्थ है‌। समाज की नई पीढ़ियों को बेहतर जीवन देने, बच्चों को बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य, शुद्ध वातावरण सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं भविष्य में देने के लिए छोटे परिवार की महती आवश्यकता निरंतर बढ़ती जा रही है और इसके लिए जनसंख्या नियंत्रण कानून लागू करना जरूरी है। इस मौके पर एडवोकेट रामेश्वरदयाल, जगदेव सिंह खरड़िया, धर्मपाल गांधी, एडवोकेट राजेश चिरानिया, एडवोकेट अनिल शर्मा, हुकम सिंह झांझड़िया, डॉ. प्रीतम सिंह खुगांई, एडवोकेट दिनेश गांधी, एड. रतनलाल, प्रदीप, कृष्ण सिंह आदि अन्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button