झुंझुनूताजा खबरराजनीतिवीडियो

Video News – मनोनीत पार्षद सभापति के श्वसुर करते है शहर की दलाली, आयुक्त ने मचा रखी है लूट खसोट – विश्वंभर पूनिया

सभापति पर लगाया सरेआम सरकारी भूमि पर चार मंजिल कमर्शियल कंपलेक्स खड़ा करने का आरोप

भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल के बैनर तले झुंझुनू नगर परिषद के घेराव के साथ किया धरना- प्रदर्शन

उपखंड अधिकारी शैलेश खेरवा को ज्ञापन देकर नगर परिषद में हो रहे भ्रष्टाचार व शहर की समस्याओं के बारे में विस्तार से बताया

झुंझुनू, नगर परिषद में व्याप्त भ्रष्टाचार ,अराजकता, तानाशाही व शहर की बिगड़ी व्यवस्थाओं को लेकर भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल के बैनर तले नगर मंडल अध्यक्ष कमल कांत शर्मा व राष्ट्रीय परिषद प्रतिनिधि विश्वंभर पूनिया के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा नगर परिषद का घेराव, धरना- प्रदर्शन कर प्रशासन को चेतावनी देते हुए उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। नगर मंडल अध्यक्ष कमल कांत शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि जब से नगर परिषद में कांग्रेस का बोर्ड बना है भ्रष्टाचार अपने चरम सीमा पर है। ऐतिहासिक एवं पर्यटन की हवेलियों को भू माफियाओं के साथ मिलकर रातों-रात नष्ट कर वहां पर आवासीय अनुमतिया देकर कोमर्शियल कंपलेक्स का निर्माण करवाया जा रहा है। शर्मा ने कहा कि नगर परिषद भ्रष्टाचार की जननी बन चुकी है। वार्ड नंबर 39 शहिदान चौक स्थित छ हवेलियां जो कि देश भर में प्रसिद्ध है उन हवेलियों को भू माफियाओं के द्वारा बिना नगर परिषद की अनुमति के रातों-रात ध्वस्त कर दिया गया, उसके उपरांत नगर परिषद द्वारा उनको आवासीय निर्माण की अनुमति प्रदान की गई और वहां पर बिना लैंड व्यू बदले व्यवसायिक कोंप्लेक्स का निर्माण धड़ल्ले से हो रहा है। बार-बार चेतावनी व ज्ञापन के पश्चात भी नगर परिषद द्वारा सलीम जोया सहित उन भू माफियाओं के खिलाफ ना ही मुकदमे दर्ज करवाए गए और ना ही उस अवैध निर्माण को रोका गया‌। नगर परिषद सभापति व अधिकारी अपने व्यक्तिगत स्वार्थ में सरकार के राजस्व को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं। 89 वर्ग गज सरकारी भूमि जिसकी कीमत करोड़ों रुपए है नगर परिषद अधिकारी व सभापति ने अपने व्यक्तिगत स्वार्थ की पूर्ति हेतु मात्र 25 सो रुपए मैं उसका पट्टा जारी कर दिया। शहर के सभी वार्ड गंदगी से अटे पड़े हैं। टूटी हुई नालियों में से गंदगी सड़कों पर बह रही है। सड़कें बुरी तरह से टूटी हुई है जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। लोकल स्ट्रीट लाइटों के चलते आधा शहर अंधकार में डूबा रहता है , लेकिन नगर परिषद की आंखें बंद पड़ी है। भाजपा राष्ट्रीय परिषद प्रतिनिधि विश्वंभर पूनिया ने कहा कि मनोनीत पार्षद सभापति के श्वसुर शहर की दलाली करते हैं और आयुक्त ने लूटा खसौट मचा रखी है। सभापति द्वारा सरेआम सरकारी भूमि पर चार मंजिल कमर्शियल कंपलेक्स खड़ा कर दिया है लेकिन प्रशासन व नगर परिषद की उस ओर आंख तक नहीं खुल रही है। पुनिया ने शहर के गंदे पानी की निकासी की समस्या पर बोलते हुए कहा कि बीड़ में शहर के गंदे पानी की उचित व्यवस्था नहीं की गई है‌। गंदा पानी बहकर या तो शहर की तरफ वापस लौट रहा है या झुंझुनू से नजदीक लगते गांवों की ओर बहने लगा है। पूनिया ने आयुक्त व सभापति पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि नगर परिषद द्वारा जारी बजट शहर के विकास में ना लग कर कांग्रेसी नेताओं की जेब में जा रहा है। उन्होंने विशेष वर्ग के साथ सहानुभूति व दूसरों के साथ भेदभाव का आरोप भी लगाया। भाजपा जिला उपाध्यक्ष रामनिरंजन पुरोहित ने कहा कि पूर्व भाजपा वार्ड में किए गए विकास कार्यों की व्यवस्था को सुचारू रखने में भी विफल है नगर परिषद का कांग्रेसी बोर्ड। वार्डो की सफाई में भेदभाव बरता जा रहा है। प्रशासन की मिलीभगत से भ्रष्टाचार कर शहर के विकास पर रोक लगा दी है। इनके अलावा वरिष्ठ पार्षद बुधराम सैनी, पूर्व मंडल अध्यक्ष राकेश शहल, अर्जुन महला, पूर्व भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा जिला अध्यक्ष असगर अली पहाड़ियान, पार्षद चंद्र प्रकाश शुक्ला , पूर्व पार्षद संजय भार्गव , अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष शौकत अली चौहान , ख्याली राम कुमावत, सुशील सिकलीगर, भादर मल स्वामी सहित वक्ताओं ने नगर परिषद पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए वर्डों में भेदभाव कर शहर की सुंदरता को नष्ट करने व शहर को वर्गों में बांटने की बात कही। इस मौके पर बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यकर्ताओं ने नगर परिषद सभापति व आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शहीद स्मारक से नगर परिषद तक रैली निकाली। नगर परिषद पर धरना प्रदर्शन करने के बाद उपखंड अधिकारी शैलेश खेरवा को ज्ञापन देते हुए उन्हें नगर परिषद में हो रहे भ्रष्टाचार व शहर की समस्याओं के बारे में विस्तार से बताया। उपखंड अधिकारी ने जिला कलेक्टर लक्ष्मण कुड़ी से चर्चा कर समस्याओं के समाधान हेतु आश्वासन दिया।

Related Articles

Back to top button