झुंझुनूं, दशम् राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस 23 सितम्बर 2025 को पूरे भारत में धूमधाम से मनाया जाएगा। इस बार की थीम है – “आयुर्वेद जन-जन के लिये, पृथ्वी के कल्याण के लिये”।
आयुर्वेद विभाग झुंझुनूं के सहायक निदेशक डॉ. रविन्द्र कुमार ने बताया कि पहले यह आयोजन धन्वंतरि जयंती पर होता था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर अब इसे 23 सितम्बर को आयुष मंत्रालय की देखरेख में मनाया जाएगा।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम जयपुर में
राज्य स्तरीय कार्यक्रम राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर, जयपुर में सुबह 11:15 बजे होगा। इसमें उपमुख्यमंत्री एवं आयुष मंत्री प्रेमचंद बैरवा मुख्य अतिथि और प्रमुख शासन सचिव सुबीर कुमार सिंह अध्यक्ष होंगे।
इस मौके पर आयुर्वेद विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और भामाशाहों को सम्मानित किया जाएगा।
- डॉ. जितेन्द्र स्वामी, उपनिदेशक आयुर्वेद विभाग झुंझुनूं – अधिकारी संवर्ग में सम्मानित होंगे।
- बिजेन्द्र सिंह इन्द्रपुरा – ग्राम इन्द्रपुरा में 50 लाख की लागत से आयुर्वेद औषधालय भवन निर्माण कराने पर भामाशाह संवर्ग में सम्मानित होंगे।
जिला स्तरीय कार्यक्रम झुंझुनूं में
जिले का कार्यक्रम होटल जमुना रिसोर्ट में दोपहर 3 बजे होगा। इसमें विभिन्न संवर्गों के चिकित्सक, नर्स, मंत्रालयिक कर्मचारी और परिचारक सम्मानित होंगे।
सम्मान पाने वालों में डॉ. आदर्श कुमारी (भिर्र), डॉ. अरविन्द चौरा (बड़बर), डॉ. दीपिका (भोजासर), डॉ. संगीता सैनी (डाबड़ी धीरसिंह), नर्स कविता (पिलानी), प्रियंका मील (बनगोठड़ी), अजय कुमावत (सहायक), शक्ति सिंह (लुटू) सहित कई नाम शामिल हैं।
भामाशाह सम्मान
आर्थिक सहयोग देने वालों में जेजेटी यूनिवर्सिटी चूडैला, डॉ. मोनिका ढूकिया, बिजेन्द्र सिंह इन्द्रपुरा, गुलाबचंद अग्रवाल (पचेरी बड़ी), साजिद दीवान (राजस्थान हर्बल प्रा. लि. झुंझुनूं) व महावीर इंटरनेशनल झुंझुनूं को भामाशाह सम्मान मिलेगा।
सप्ताहभर चलेंगे विशेष कार्यक्रम
उपनिदेशक डॉ. जितेन्द्र स्वामी ने बताया कि जिले के सभी चिकित्सालयों और औषधालयों में आयुर्वेद दिवस के अंतर्गत एक सप्ताह तक एनिमिया रोकथाम, पोषण जागरूकता, जरावस्था निवारण और वातव्याधि निवारण संबंधी कार्यक्रम होंगे।