Archive notice This article was published on 03 June 2026 and reflects conditions at the time of publication. Information, figures, and context may have changed since.

झुंझुनूं जिले के बिसाऊ कस्बे में स्थित मुक्तिधाम के शिव मंदिर में हुई चोरी का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 6 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी किया गया पूरा सामान बरामद कर लिया है।

कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर (आईपीएस) के निर्देशन में गठित टीम द्वारा की गई।

शिव मंदिर से चोरी हुआ था पूजा का सामान

पुलिस के अनुसार 2 जून 2026 को नरेन्द्र सिंह निवासी वार्ड नंबर 7, बिसाऊ ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।

रिपोर्ट में बताया गया कि मुक्तिधाम स्थित शिव मंदिर के पुजारी सचिन 1 जून की रात पूजा-अर्चना के बाद मंदिर में ताला लगाकर चले गए थे। रात के दौरान अज्ञात चोर मंदिर से कई सामान चोरी कर ले गया।

चोरी हुए सामान में आरती मशीन, तांबे का कलश, शेषनाग-त्रिशूल स्टैंड, 200 फीट केबल रोल, प्लास्टिक बाल्टी, पीतल की घंटी, पीतल का दीपक और ओरिएंट कंपनी का पंखा शामिल थे।

मूर्ति को भी स्थान से हटाया

रिपोर्ट के अनुसार आरोपी ने मंदिर में रखी मूर्ति को उसके स्थान से हटाकर मुख्य गेट के पास पटक दिया था, जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

सीसीटीवी और तकनीकी जांच से मिला सुराग

थानाधिकारी शेरसिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और तकनीकी साक्ष्यों व सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी की पहचान की।

जांच के दौरान पुलिस ने जाकिर खान (42) निवासी वार्ड नंबर 13, बिसाऊ को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में आरोपी की संलिप्तता सामने आने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

चोरी का पूरा सामान बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मंदिर से चोरी किया गया संपूर्ण सामान बरामद कर लिया।

आरोपी को 3 जून को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

“तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और त्वरित पुलिस कार्रवाई से चोरी की वारदात का कुछ ही घंटों में खुलासा कर लिया गया।”

पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना

स्थानीय लोगों ने मंदिर चोरी मामले में पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई कर आरोपी की गिरफ्तारी और सामान बरामद करने पर संतोष जताया है।

पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।