Archive notice This article was published on 29 May 2026 and reflects conditions at the time of publication. Information, figures, and context may have changed since.

शेखावाटी लाइव ने प्रमुखता से उठाया था मामला

झुंझुनूं गुढ़ागौड़जी थाना क्षेत्र के खींवासर गांव स्थित झाझड़िया की ढाणी में एक दलित युवक के साथ कथित तौर पर अमानवीय व्यवहार, मारपीट और ट्रैक्टर से घसीटने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।

शेखावाटी लाइव ने प्रमुखता से उठाया था मामला

दलित युवक के साथ कथित अत्याचार और मारपीट का यह मामला सामने आने के बाद शेखावाटी लाइव ने इसे प्रमुखता से प्रकाशित किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

दुकान से जबरन ट्रैक्टर में बैठाकर ले जाने का आरोप

पुलिस के अनुसार पवन मेघवाल ने गुढ़ागौड़जी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया गया कि सोमवार शाम करीब साढ़े आठ बजे वह गांव में एक दुकान पर बैठा हुआ था। इसी दौरान गांव निवासी राकेश दड़िया वहां पहुंचा और उसे जबरन ट्रैक्टर में बैठाकर अपने साथ ले गया।

सुनसान जगह पर मारपीट और प्रताड़ना का आरोप

पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपी उसे सुनसान स्थान पर ले गया, जहां उसके साथ मारपीट की गई। रिपोर्ट के अनुसार युवक को जबरन शराब पिलाने तथा उसके साथ अमानवीय व्यवहार करने के आरोप भी लगाए गए हैं।

पीड़ित का यह भी आरोप है कि आरोपी ने उसके गले से सोने की चेन तोड़ ली और जेब में रखी नकदी भी निकाल ली।

ट्रैक्टर से बांधकर घसीटने का आरोप

मामले में सबसे गंभीर आरोप युवक को ट्रैक्टर से बांधकर घसीटने का लगाया गया है। घटना के बाद पीड़ित ने किसी तरह अपने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।

पुलिस के अनुसार शिकायत मिलने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की गई।

आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी

गुढ़ागौड़जी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी राकेश दड़िया को खींवासर गांव से दस्तयाब कर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस अब मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है तथा शिकायत में लगाए गए आरोपों के संबंध में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

पुलिस का पक्ष

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में दर्ज रिपोर्ट के आधार पर जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।