Archive notice This article was published on 25 May 2026 and reflects conditions at the time of publication. Information, figures, and context may have changed since.

झुंझुनूं शहर के खेमी शक्ति मंदिर के पास बसी बस्ती के लोग इन दिनों गंदे पानी और उससे उठ रही बदबू से परेशान हैं। समस्या के समाधान की मांग को लेकर सोमवार को स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।

एडीएम को सौंपा ज्ञापन

पार्षद प्रदीप कुमार सैनी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोगों ने प्रदर्शन किया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने एडीएम अजय कुमार आर्य को ज्ञापन सौंपकर जल्द समस्या के समाधान की मांग की।

ज्ञापन में बताया गया कि नवगठित वार्ड नंबर 47 स्थित एनएमटी कॉलेज के सामने की बस्ती का गंदा पानी बहकर पंचदेव मंदिर की ओर सड़क किनारे जमा हो रहा है।

बस्ती और स्कूलों के लोग परेशान

स्थानीय लोगों के अनुसार यह गंदा पानी प्राइवेट बस स्टैंड से खेमी शक्ति मंदिर मार्ग तक फैल जाता है और आसपास की बस्ती के घरों के सामने जमा हो जाता है।

इससे समसपुर रोड स्थित मेडिकल कॉलेज और दो निजी स्कूलों में आने वाले बच्चों सहित स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बदबू और गंदगी से बढ़ी परेशानी

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि लंबे समय से पानी निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण इलाके में बदबू और गंदगी का माहौल बना हुआ है। इससे लोगों को आवागमन और दैनिक जीवन में दिक्कतें हो रही हैं।

लोगों ने प्रशासन से जल्द स्थायी समाधान करने की मांग की है।

बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद

प्रदर्शन में हजारीलाल छापोला, निहाल सिंह लांबा, विजय कुमार शर्मा, रंगलाल यादव, रामकरण पायल, मनीराम सैनी, बंटी सैनी, अंजनी सैनी, राजकुमार शर्मा, कैलाश शर्मा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।