Archive notice This article was published on 01 June 2026 and reflects conditions at the time of publication. Information, figures, and context may have changed since.

झुंझुनूं जिले के उदयपुरवाटी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत नांगल के राजस्व गांव कोट में पेयजल संकट गंभीर रूप लेता जा रहा है। भीषण गर्मी के बीच कई दिनों से पानी की कमी झेल रहे ग्रामीणों ने सोमवार को जलदाय विभाग के कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और विभाग के खिलाफ नारेबाजी की।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पीने के पानी की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन बार-बार शिकायत करने के बावजूद समाधान नहीं हो पा रहा है।

मुफ्त सरकारी टैंकर नहीं पहुंचने का आरोप

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जलदाय विभाग द्वारा संचालित निःशुल्क पेयजल टैंकर नियमित रूप से गांव तक नहीं पहुंच रहे हैं।

इसके कारण ग्रामीणों को अपनी जरूरत पूरी करने के लिए निजी टैंकरों से महंगे दामों पर पानी खरीदना पड़ रहा है। इससे आम परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ गया है।

एईएन ने ग्रामीणों से की वार्ता

प्रदर्शन की सूचना मिलने पर जलदाय विभाग के सहायक अभियंता (AEN) अनूप अग्रवाल मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।

उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि मंगलवार से कोट गांव में नियमित रूप से पानी के टैंकर भेजे जाएंगे, ताकि पेयजल संकट से राहत मिल सके।

खराब हैंडपंप और ट्यूबवेल भी होंगे ठीक

एईएन अनूप अग्रवाल ने बताया कि गांव में खराब पड़े हैंडपंपों और ट्यूबवेलों की मरम्मत भी जल्द करवाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि विभाग ग्रामीणों को पेयजल उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठा रहा है और समस्या का स्थायी समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।

आश्वासन के बाद शांत हुए ग्रामीण

अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त किया। हालांकि ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे दोबारा आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।

बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद

प्रदर्शन के दौरान सुनील शेरावत, प्रकाश चंद सैनी, अंकित स्वामी, राजेश स्वामी, सुनील स्वामी, विशाल, भवानी राजोरिया, विष्णु गुर्जर, रमेश सैनी, रोहिताश्व गुर्जर और कृष्ण गुर्जर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।