Archive notice This article was published on 03 June 2026 and reflects conditions at the time of publication. Information, figures, and context may have changed since.

सूरजगढ़ (झुंझुनूं), झुंझुनूं जिले के राजवीरपुरा गांव से निकलकर राजनीति में अपनी पहचान बनाने वाले सुरेन्द्र भाटिया का सूरजगढ़ में भव्य नागरिक अभिनंदन किया गया। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष पद पर लगातार दूसरी बार जिम्मेदारी मिलने पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया।

कार्यक्रम में क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक शामिल हुए।

पूर्व विधायक सुभाष पुनिया के निवास पर हुआ समारोह

सम्मान समारोह का आयोजन पूर्व विधायक सुभाष पुनिया के निवास पर किया गया। इस दौरान सुरेन्द्र भाटिया का माला पहनाकर, साफा बांधकर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया।

उपस्थित लोगों ने उनके संगठनात्मक कौशल, सामाजिक सक्रियता और पार्टी के प्रति समर्पण की सराहना की।

कार्यकर्ताओं और बुजुर्गों को दिया सम्मान का श्रेय

अपने संबोधन में सुरेन्द्र भाटिया भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि उन्हें जो सम्मान और जिम्मेदारी मिली है, वह कार्यकर्ताओं, समर्थकों और बुजुर्गों के आशीर्वाद का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और वे संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।

“कार्यकर्ताओं का साथ और बुजुर्गों का आशीर्वाद ही मेरी सबसे बड़ी पूंजी है।” सुरेन्द्र भाटिया

भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख

समारोह के दौरान सुरेन्द्र भाटिया ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी खुलकर अपनी बात रखी।

उन्होंने कहा कि आमजन को अपने वैध कार्यों के लिए किसी भी कर्मचारी या अधिकारी से डरने की आवश्यकता नहीं है। यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी किसी काम के बदले रिश्वत की मांग करता है तो उसकी सूचना तुरंत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) को दी जानी चाहिए।

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सूरजगढ़ क्षेत्र में रिश्वतखोरी को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह

दूसरी बार जिलाध्यक्ष बनने पर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने भाजपा नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान समर्थकों ने सुरेन्द्र भाटिया के नेतृत्व में संगठन की मजबूती और क्षेत्र के विकास को लेकर भरोसा जताया।

ये रहे मौजूद

सम्मान समारोह में प्रधान बलवान, समाजसेवी सज्जन अग्रवाल, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष रतन सिंह तंवर, मंडल अध्यक्ष सुरेश शर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष संजय गोयल, लाखू मंडल अध्यक्ष प्रमोद डेला, किसान नेता रामोतार धोलिया सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।