Archive notice This article was published on 12 January 2024 and reflects conditions at the time of publication. Information, figures, and context may have changed since.

ताइक्वांडो प्रोफेशनल में जयपुर की टीम से खेलेंगे यशराज गोहिल

झुंझुनू, श्री जगदीश प्रसाद झाबरमल टिबड़े वाला विश्वविद्यालय में चल रही ऑल इंडिया ताइक्वांडो प्रतियोगिता के तीसरे दिन प्रतिभागियों के बीच कड़े मुकाबले हुए जिसमें आईपीएल, प्रो कबड्डी लीग की तर्ज पर ताइक्वांडो प्रोफेशनल लीग 12 जनवरी से 14 जनवरी तक हैदराबाद में होने जा रही है। इसमें देश के अलग-अलग शहरों के नाम पर बनी 12 टीमें आमने-सामने होंगी। इस लीग में श्री जेजेटी युनिवर्सिटी झुंझुनू के तीन प्रतिभाशाली खिलाडियों का चयन हुआ है। इनमें यशराज गोहिल जयपुर एसेसिनेशन टीम से जुडेगा।

ऑल इंडिया इंटर युनिवर्सिटी ताइक्वांडो चैंपियनशिप में अपने-अपने भारवर्ग में स्वर्ण पदक जीत चुके तीन खिलाडियों का चयन ताइक्वांडो प्रोफेशनल लीग में हुआ है। युनिवर्सिटी के चेयरपर्सन डाॅ. विनोद टिबडेवाला, प्रेजिडेंट डाॅ. देवेंद्र सिंह ढुल व रजिस्टार डाॅ. अजीत कुमार ने अपने खिलाडियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए 12 जनवरी से 14 जनवरी तक हैदराबाद में होने वाली इंटरनेशनल ताइक्वांडो चैंपियंस लीग के लिए रवाना किया। शारीरिक शिक्षा विभाग के प्रिंसीपल डाॅ. मनोज गोयल ने बताया कि 63 किलोग्राम भारवर्ग में ऑल इंडिया इंटर युनिवर्सिटी चैंपियन नितेश श्रीनगर की टीम, 68 किलोग्राम भारवर्ग में ऑल इंडिया इंटर युनिवर्सिटी चैंपियन अजय कुमार हैदराबाद इम्मोर्टल टीम व 74 किलोग्राम भारवर्ग में ऑल इंडिया इंटर युनिवर्सिटी चैंपियन यशराज गोहिल जयपुर एसेसिनेशन टीम से लीग में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।