Archive Notice: This article was originally published on 25 जून 2026.
Information, figures, and context may have changed since the time of publication.

बगड़ स्थित शिवओंकार माहेश्वरी तकनीकी संस्थान (एसएमटीआई) में गुरुवार को ऑन-जॉब ट्रेनिंग प्रमाण-पत्र वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ऑरिक मोटर्स, झुंझुनूं एवं चिड़ावा में 150 घंटे की औद्योगिक ट्रेनिंग पूरी करने वाले मैकेनिक डीजल ट्रेड के 15 प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।

समारोह के मुख्य अतिथि ऑरिक मोटर्स, झुंझुनूं के एचआर मैनेजर विजय चौधरी रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में डीजीएम रमण दीप भार्गव, बीआईटीओटी के प्राचार्य कुम्भाराम तथा कृष्णादेवी फार्मेसी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. विवेक कौशिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के सीईओ विकास खटोड़ ने की।

150 घंटे की ऑन-जॉब ट्रेनिंग पूरी

सीईओ विकास खटोड़ ने बताया कि प्रशिक्षण महानिदेशालय, नई दिल्ली के दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रत्येक प्रशिक्षणार्थी के लिए 150 घंटे की ऑन-जॉब ट्रेनिंग अनिवार्य है। इसी क्रम में 10 प्रशिक्षणार्थियों को ऑरिक मोटर्स, झुंझुनूं तथा 5 प्रशिक्षणार्थियों को ऑरिक मोटर्स, चिड़ावा में प्रशिक्षण के लिए भेजा गया था।

ट्रेनिंग सफलतापूर्वक पूर्ण करने के बाद सभी 15 प्रशिक्षणार्थियों को समारोह में प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

योग्य प्रशिक्षुओं को मिलेगा रोजगार का अवसर

मुख्य अतिथि विजय चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित प्रशिक्षणार्थियों को मुख्य परीक्षा के बाद ऑरिक मोटर्स में रोजगार का अवसर उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि उद्योग और तकनीकी संस्थानों के बीच इस तरह का समन्वय युवाओं के कौशल विकास और रोजगार के लिए महत्वपूर्ण साबित हो रहा है।

तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास पर दिया जोर

डॉ. विवेक कौशिक ने विद्यार्थियों से निरंतर अध्ययन और तकनीकी दक्षता बढ़ाने का आह्वान किया। वहीं बीआईटीओटी के प्राचार्य कुम्भाराम ने प्रशिक्षणार्थियों को अपने कौशल को लगातार निखारने और मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

समारोह के अंत में अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए संस्थान परिवार ने प्रशिक्षणार्थियों द्वारा निर्मित तोप का मॉडल स्मृति-चिन्ह के रूप में भेंट किया। कार्यक्रम में नवीन सैनी, बाबूलाल सैनी, नरेश कुमार सैनी सहित संस्थान के स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।


The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...