सीकर निकाय चुनाव: प्रथम चरण में 12, द्वितीय चरण में 9 एरिया मजिस्ट्रेट नियुक्त

नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के सफल और शांतिपूर्ण संचालन के लिए सीकर जिले में 21 एरिया मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने प्रथम चरण के लिए 12 और द्वितीय चरण के लिए 9 एरिया मजिस्ट्रेट नियुक्त किए हैं।

एरिया मजिस्ट्रेट की ये रहेंगी जिम्मेदारियां

जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से जारी आदेश के अनुसार संबंधित एरिया मजिस्ट्रेट अपने निर्धारित क्षेत्रों में वर्नरेबिलिटी मैपिंग, चुनाव प्रबंधन, आदर्श आचार संहिता की पालना, सेक्टर मैनेजमेंट प्लान और कम्युनिकेशन प्लान की प्रभावी क्रियान्विति सुनिश्चित करेंगे।

चुनाव प्रचार के दौरान निषिद्ध गतिविधियों पर निगरानी रखना और ऐसी गतिविधियों की समयबद्ध रिपोर्टिंग करना भी उनकी जिम्मेदारी होगी।

मतदान केंद्रों का करेंगे नियमित निरीक्षण

एरिया मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्रों का नियमित भ्रमण करेंगे। इस दौरान वे मतदान केंद्रों पर उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं का निरीक्षण करेंगे और आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगे।

इसके साथ ही वर्नरेबिलिटी मैपिंग तथा कानून एवं व्यवस्था से जुड़ी तैयारियों का भी जायजा लिया जाएगा।

मतदाताओं में सुरक्षा का माहौल बनाने पर जोर

एरिया मजिस्ट्रेट को मतदाताओं में सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण मजबूत करने की जिम्मेदारी भी दी गई है। वे जोनल एवं सेक्टर अधिकारियों तथा पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करेंगे।

साथ ही चुनाव से संबंधित महत्वपूर्ण सूचनाओं का समयबद्ध और प्रभावी सम्प्रेषण सुनिश्चित किया जाएगा।

चुनाव से पहले और बाद तक जिम्मेदारी

जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार सभी एरिया मजिस्ट्रेट निर्वाचन कार्य से पूर्व, निर्वाचन के दौरान तथा निर्वाचन उपरांत उन्हें सौंपे गए कर्तव्यों और दायित्वों के निर्वहन के लिए उत्तरदायी होंगे।

इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य निकाय चुनाव के दौरान शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित मतदान सुनिश्चित करना है।

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...