Archive Notice: This article was originally published on 20 अप्रैल 2026.
Information, figures, and context may have changed since the time of publication.

Rajasthan Farmer News : राजस्थान में सवाई माधोपुर समेत प्रदेश के किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। राज्य सरकार ने अब अल्पकालिक फसल ऋणों के पुनर्भुगतान की अंतिम तिथि 15 मई, 2026 तक बढ़ा दी है। पहले यह तारीख 31 मार्च तय की गई थी।

लेकिन किसानों की सुविधा को देखते हुए इसका विस्तार किया गया है। इस फैसले से जिले के हजारों किसानों को आर्थिक संकट से राहत मिलने की उम्मीद है।

सवाई माधोपुर केंद्रीय सहकारी बैंक के प्रबंध निदेशक (संयोजक) बिजेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि ग्राम सेवा सहकारी समितियों के माध्यम से खरीफ 2025 के लिए ऋण वितरित किया गया था।

किसान अब 15 मई तक या ऋण वितरण की तारीख से एक साल (जो भी पहले हो) तक अपना बकाया जमा कर सकते हैं

7 प्रतिशत कि छूट

उन्होंने कहा कि इस अवधि के दौरान ऋण चुकाने वाले किसानों को सरकार की ब्याज अनुदान योजना का सीधा लाभ मिलेगा। राज्य सरकार द्वारा 4 प्रतिशत और केंद्र सरकार द्वारा 3 प्रतिशत का ब्याज अनुदान प्रदान किया जाएगा, जिससे किसानों पर ब्याज का बोझ काफी कम हो जाएगा। यह कदम किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

किसानों से की अपील

इस निर्णय से सवाई माधोपुर और करौली जिलों के कुल 17,159 किसानों को सीधा लाभ होगा। बैंक प्रशासन ने सभी किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना ऋण जमा करें ताकि उन्हें ब्याज छूट का पूरा लाभ मिल सके और वे नियमित उधारकर्ता की श्रेणी में बने रह सकें।

भविष्य में भी ले सकेंगें योजना का लाभ

अधिकारियों के अनुसार, किसान संबंधित ग्राम सेवा सहकारी समिति या निकटतम सहकारी बैंक शाखा में जाकर अपना बकाया जमा कर सकते हैं। समय पर भुगतान करने वाले किसानों को न केवल ब्याज में छूट मिलेगी, बल्कि भविष्य में उन्हें ऋण प्राप्त करना भी आसान होगा।

आर्थिक दबाव से छुटकारा

सरकार के इस फैसले को किसानों के हित में एक बड़ा कदम माना जा रहा है, जिससे खेती के मौसम में आर्थिक दबाव कम होगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी। किसानों ने भी इस फैसले का स्वागत किया है।

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...