Information, figures, and context may have changed since the time of publication.
झुंझुनूं जिले में खेतड़ी-झुंझुनूं रोड पर बुधवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। जसरापुर के नजदीक कॉस्मेटिक सामान से भरे एक ट्रक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक नंबर RJ 18 GA 5631 में भारी मात्रा में कॉस्मेटिक का सामान भरा हुआ था। आग लगने के बाद सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
फायर ब्रिगेड की टीम ने पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही चिड़ावा और खेतड़ी से फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। फायर ड्राइवर दयाराम और फायरमैन प्रताप सिंह सहित टीम के अन्य सदस्यों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हालांकि, जब तक आग बुझाई गई, तब तक ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रक में आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। हालांकि शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगने की संभावना जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि आग इतनी भीषण थी कि दूर से ही धुएं और लपटों को देखा जा सकता था।
बड़ा नुकसान होने की आशंका
ट्रक में भरे कॉस्मेटिक सामान के कारण आग तेजी से फैल गई। हादसे में लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
