Archive Notice: This article was originally published on 13 अगस्त 2022.
Information, figures, and context may have changed since the time of publication.

दांतारामगढ़, [प्रदीप सैनी ] आजादी के अमृत महोत्सव के तहत दांतारामगढ़ उपखंड मुख्यालय पर शनिवार को विशाल तिरंगा रैली निकाली गई। तिरंगा रैली के दौरान पूरा दांतारामगढ़ कस्बा देशभक्ति के गानों से गुंजायमान हो गया वहीं पूरा कस्बा तिरंगे में रंगा नजर आया। हर हाथ और हर ओर जहां तिरंगा लहरा रहा था वही हर घर हर छत पर भी तिरंगे की शान नजर आ रही हैं। व्यापार मंडल के तत्वावधान में तिरंगा रैली गोरिया मोड़ से शुरू हुई जो बस स्टैंड, मुख्य बाजार, एसबीआई बैंक, समिति पंचायत समिति, बाईपास से होते हुए सीनियर विद्यालय के पास मैदान में पहुंची। यहां राष्ट्रगान के साथ रैली का समापन किया गया और समाजसेवी मोतीलाल हल्दुनिया की ओर से सभी को मिठाई वितरित की गई। रैली में बड़ी संख्या में गणमान्य जन, आमजन एवं विद्यालयों के विद्यार्थी शामिल हुए।

झांकियों ने मन मोहा

दांतारामगढ़ में निकाली गई तिरंगा रैली के दौरान स्कूली बच्चों की ओर से झांकियां सजाई गई। भारत माता की झांकी के साथ कोई झांसी की रानी बनी तो कोई महाराणा प्रताप, कोई भारत के अलग-अलग राज्यों को झांकी के माध्यम से दर्शा रहा था तो कोई देश के वीर सिपाही के रूप में भी नजर आए। झांकियों में सरस्वती विद्या मंदिर की झांकी प्रथम स्थान पर रही। वही रघुनाथ महाविद्यालय की झांकी द्वितीय एवं विजडम वर्ल्ड स्कूल की झांकी को तृतीय स्थान मिला।

जगह-जगह पुष्पवर्षा

तिरंगा रैली का कस्बे में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। गोरिया मोड़ से ही स्वागत का सिलसिला शुरू हुआ। हर गली मोहल्ले के नुक्कड़ पर रैली देखने उमड़े महिला पुरुषों ने भारत माता के चित्र एवं तिरंगे पर फूल बरसाकर सम्मान किया।

सरकारी स्कूलों के प्रति नाराजगी

आजादी के अमृत महोत्सव के तहत निकाली गई तिरंगा रैली में दांतारामगढ़ की सबसे बड़ी राजकीय आदर्श सीनियर विद्यालय एवं महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूल की भागीदारी नहीं रही। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ने लिखित में आदेश जारी करने के बाद भी दोनों विद्यालय आजादी के अमृत महोत्सव के दौरान निकाली गई तिरंगा रैली में शामिल नहीं हुए। जबकि सभी निजी विद्यालयों के बच्चे झांकियों के साथ तिरंगा लेकर रैली में शामिल थे। यह पहला अवसर था जब पूरे के पूरे निजी विद्यालय तिरंगा रैली में शामिल रहे।

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...