Information, figures, and context may have changed since the time of publication.
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा राजस्थान दिव्यांग सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आज बुधवार को शहीद स्मारक से दिव्यांगजन की मतदाता जागरूकता ट्राई साईकिल रैली निकाली गई। रैली को जिला निर्वाचन अधिकारी रवि जैन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर झुंझुनू निवासी दिव्यांग नेशनल एथलीट देवेन्द्र सिंह को दिव्यांग मतदाताओं के लिए जिले का आईकॉन नियुक्त किया गया। इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि गत विधानसभा चुनाव में जिले के दिव्यांगों ने बहुत बड़ी संख्या में मतदान किया था जो सभी के लिए प्रेरणादायक है, अब लोकसभा चुनाव में भी दिव्यांगजन शत-प्रतिशत मतदान करें। उन्होंने बताया कि दिव्यांगजन सुगमता से मतदान कर सकें, इसके लिए सभी मतदान केन्द्रों पर रैम्प की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही नेत्रहीन मतदाताओं की सुविधा हेतु बैलेट यूनिट पर ब्रेललिपि से लिखा गया है, दिव्यांगों को मतदान केन्द्र पर लाने व ले जाने के लिए वाहन की व्यवस्था की गई है, साथ ही उनकी सुविधा के लिए मतदान केन्द्र पर स्काउट व गाईड नियुक्त किए गए हैं। इस दौरान वहां उपस्थित दिव्यांगजन ने जैन के समक्ष अपनी समस्याओं को रखा, जिसके निस्तारण के लिए उन्होंने मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश भी दिए।
