Information, figures, and context may have changed since the time of publication.
चूरू, राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष बलजीत सिंह के निर्देशानुसार गुरूवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव प्रमोद बंसल ने बिल्डिंग नेशन थ्रो ब्रिक बाई ब्रिक अभियान के तहत पूलासर के गणेश ईंट उद्योग का निरीक्षण किया जिसमें लेबर इंस्पेक्टर कुलदीप उपस्थित रहे। सचिव ने इस अभियान के तहत् बंधन, जबरन श्रम, मानव तस्करी और समाज के इस प्रकार के कमजोर वर्ग के कल्याण को बढावा देने के लिए एवं उद्योगों पर मजदूरों हेतु आवश्यक मूलभूत व्यवस्थाओं हेतु निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यरत महिलाओं एवं पुरुषों की संख्या, पीने के पानी की व्यवस्था, कार्यस्थल पर धूप से बचने हेतु टीनशैड आदि की व्यवस्था, चिकित्सा व्यवस्था, महिलाओं के साथ बच्चों हेतु व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, मजदूरों व बच्चों हेतु भोजन व्यवस्था, मजदूरों के साथ निवासरत बच्चों की शिक्षा व्यवस्था, मजदूरों को दी जाने वाली मजदूरी, श्रमिक कार्ड, प्रदूषण (डस्ट), मजदूरों के निवास, साफ-सफाई इत्यादि की जानकारी लेते हुये आवश्यक निर्देश प्रदान किये गये। सचिव ने सरकार द्वारा श्रमिकों के कल्याण हेतु चलाई जा रही विभिन्न सरकारी योजनाओं जैसे प्रवासी श्रमिक मजदूर पंजीकरण, कौशल रजिस्टर, मनरेगा के बारे में जानकारी दी तथा कार्यरत श्रमिकों से उनके श्रम कार्ड, भामाशाह कार्ड इत्यादि की जानकारी ली। साथ ही श्रमिक कार्ड व भामाशाह कार्ड के फायदों के बारे में बताया। सचिव ने बताया गया कि इस अभियान का उदेश्य बंधन/जबरन श्रम और मानव तस्करी और समाज के इस प्रकार के कमजोर वर्ग के कल्याण को बढावा देने के लिए जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन कर सरकारों द्वारा श्रमिकों के कल्याण हेतु चलाई जा रही विभिन्न सरकारी योजनाओं हेतु जागरूकता पैदा किया जाना है। लेबर इंस्पेक्टर कुलदीप द्वारा भी अपने विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं एवं मजदूरों से संबंधित अन्य जानकारी दी गई।
