Archive Notice: This article was originally published on 22 जनवरी 2023.
Information, figures, and context may have changed since the time of publication.

झुंझुनू, राष्ट्रीय साहित्यिक व सामाजिक संस्थान आदर्श समाज समिति इंडिया का तीन दिवसीय सम्मेलन अरब सागर के किनारे बसे सुंदर प्रदेश गोवा की राजधानी पणजी में धर्मपाल गांधी की अध्यक्षता में शुरू हुआ। सम्मेलन में संस्थान द्वारा 2023 में आयोजित किये जाने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। सम्मेलन में संस्थान के महासचिव राजेंद्र कुमार और कोषाध्यक्ष विकास कुमार भी मौजूद रहे। सम्मेलन में रेनू मिश्रा दीपशिखा के प्रस्ताव पर जाति और धर्म से ऊपर उठकर कार्य करने वाले सामाजिक कार्यकर्ताओं को संस्थान से जोड़ने पर विचार किया गया। देश के विभिन्न प्रांतों में संगठन की कार्यकारिणी का गठन करने का निर्णय लिया गया। देश में निरंतर बढ़ रहे अपराध और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के संबंध में भी चर्चा की गई। सम्मेलन में सीकर के सामाजिक कार्यकर्ता मनोहर लाल मोरदिया ने भाग लेकर अपने विचार व्यक्त किये। आदर्श समाज समिति इंडिया की महिला इकाई की राष्ट्रीय अध्यक्ष रेनू मिश्रा दीपशिखा प्रयागराज व महासचिव कमल धमीजा फरीदाबाद को यथावत रखते हुए संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपने का निर्णय लिया। संस्थान के महासचिव राजेंद्र कुमार ने बताया कि आदर्श समाज समिति इंडिया संस्थान समाज में शांति और भाईचारा स्थापित करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। समय-समय पर संस्थान द्वारा सामाजिक और साहित्यिक कार्यक्रम आयोजित किये जाते हैं। संस्थान द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को हर वर्ष गांधी सेवा रत्न अवॉर्ड से सम्मानित किया जाता है। गोवा में आयोजित हुए तीन दिवसीय सम्मेलन में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए जायेंगे। आदर्श समाज समिति इंडिया के अध्यक्ष धर्मपाल गांधी ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा- आदर्श समाज समिति इंडिया राष्ट्रीय स्तर का संस्थान है। इसलिए वर्ष 2023 में संस्थान का एक प्रतिनिधिमंडल देश के विभिन्न प्रदेशों और शहरों का भ्रमण करेगा। राष्ट्रहित में कार्य करने वाले सामाजिक कार्यकर्ताओं व साहित्यकारों को संस्थान से जोड़ा जायेगा। राष्ट्रीय स्तर पर संस्थान की कार्यकारिणी का विस्तार किया जायेगा। कोई भी समाज या राष्ट्र महिलाओं की जागरूकता व साझेदारी के बिना समृद्ध नहीं हो सकता है, इसलिए संस्थान की महिला इकाई का मजबूती के साथ विस्तार किया जायेगा। शिक्षा, चिकित्सा, योगा, पर्यावरण, कला एवं संस्कृति, पत्रकारिता, संगीत एवं नृत्य, हस्तकला एवं उद्योग, विज्ञान एवं टेक्नोलॉजी, साहित्य, समाजसेवा और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभाओं को चयनित कर उन्हें सम्मानित किया जायेगा। राजकीय सेवा में ईमानदारी से कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को भी सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है। बैठक में आदर्श समाज समिति इंडिया के अध्यक्ष धर्मपाल गांधी, रोहन गुप्ते, अनिकेत ओटी, धर्म गौतम, मनोहरलाल मोरदिया, राजेंद्र कुमार, विकास कुमार, कन्हैया लाल नाथावतपुरा, रामसहाय यादव, आकाश अलसेकर, बंशीलाल, अमित कुमार आदि अन्य लोग मौजूद रहे। संस्थान के कोषाध्यक्ष विकास कुमार ने सभी का आभार व्यक्त किया।

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...