Archive Notice: This article was originally published on 4 मार्च 2023.
Information, figures, and context may have changed since the time of publication.

सीकर, महंगाई से राहत पर राज्य के सभी 33 जिलों में जिला प्रभारी मंत्री द्वारा संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया गया। इस क्रम में सीकर में उद्योग, वाणिजय, राजकीय उपक्रम, देवस्थान मंत्री एवं जिले की प्रभारी मंत्री शकुंतला रावत ने कार्यालय नगरपालिका खाटूश्यामजी में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान प्रभारी मंत्री रावत ने कहा कि इस साल का बजट बचत, राहत, बढ़त वाला रहा है। यानी आमजन को पैसे की बचत होगी, उन्हें महंगाई से राहत मिलेगी और राजस्थान आगे बढ़ेगा। इसी प्रबंधन की बदौलत हमारी आर्थिक विकास दर 11.04% है जिसके कारण राज्य तेजी से बढ़ रहा है। केन्द्र की भाजपा सरकार की नीतियों ने भारत की अर्थव्यवस्था को चौपट कर दिया है. इससे महंगाई और बेरोजगारी लगातार बढ़ती जा रही है। पेट्रोल, डीजल, गैस, सब्जी, दवाइयां, तेल, मसाले, कपड़े, जूते, सीमेंट समेत आम आदमी की जरूरत की सभी चीजें लगातार महंगी होती जा रही हैं। गरीब और मिडिल क्लास परिवारों के सामने आज घर चलाना एक बड़ी चुनौती बन गया है।

बचत

बचत के लिए तमाम योजनाएं लाई जा रही हैं जिससे आमजन के पास पैसा आए और बचत करने का मौका हो। हर परिवार को 25 लाख रुपये का चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा एवं 10 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा। 30,000 बच्चों को कोचिंग लेने पर अनुप्रति कोचिंग योजना के माध्यम से पूरी फीस सरकार द्वारा वहन की जाएगी। 500 बच्चों के विदेश में पढ़ाई करने पर पूरी फीस राजीव गांधी स्कॉलर्शिप द्वारा सरकार वहन करेगी। मनरेगा एवं इन्दिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना में 125 दिन काम मिलेगा। इन्दिरा रसोई में 8 रुपये में भोजन उपलब्ध करवाया जा रहा है. अब 1000 नई इन्दिरा रसोई खोली जाएंगी जो शहरी कस्बों में भी खुलेंगी। ठेके पर अब कोई कर्मचारी नहीं रखे जाएंगे. जो ठेके पर हैं उन्हें सरकारी कंपनी के तहत काम में लिया जाएगा। पार्ट टाइम मानदेय कर्मियों जैसे आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, कुक, फर्राश आदि को रिटायरमेंट पर 2-3 लाख रुपये का पैकेज दिया जाएगा। कामधेनु पशु बीमा योजना में 40,000 रुपये का बीमा हर परिवार में 2 दुधारू पशुओं को दिया जाएगा। राज्य सरकार के कार्मिकों के साथ बोर्ड, निगम, सरकारी कंपनियों एवं विश्वविद्यालय के कार्मिकों को भी ओल्ड पेंशन स्कीम का लाभ मिलेगा। अब पहली से 12वीं क्लास तक RTE के तहत प्राइवेट स्कूलों में फ्री शिक्षा मिलेगी।

राहत

महंगाई से राहत देने के लिए इस बजट में 19,000 करोड़ रुपये का पैकेज दिया गया है। गरीब परिवारों को महंगाई से राहत देने के लिए प्रत्येक NFSA परिवार को फ्री गेहूं के साथ एक किलो दाल, चीनी, नमक, खाद्य तेल एवं मसाले निशुल्क दिए जाएंगे। प्रत्येक उज्ज्वला परिवार को गैस सिलेंडर 500 रुपये में उपलब्ध करवाया जाएगा। सभी घरेलू उपभोक्ताओं को 100 यूनिट बिजली फ्री दी जाएगी। किसानों को हर महीने 2000 यूनिट बिजली फ्री दी जाएगी. यानी 15 HP तक के बिल फ्री। बुजुर्गों, विधवाओं, अनाथों एवं दिव्यांगों की न्यूनतम पेंशन 1000 रुपये की जाएगी। लम्पी महामारी से मारी गईं दुधारों गायों के लिए 40,000 रुपये प्रति गाय दिए जाएंगे। सरकारी भर्तियों के लिए युवाओं द्वारा एक बार रजिस्ट्रेशन करवाने के पश्चात भविष्य में कोई भी परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा।

बढ़त

बढ़त के लिए ऐसी योजनाएं बनाई गई हैं जिनसे राजस्थान आगे बढ़ता जाएगा। 1 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जाएगी। युवाओं के लिए हर ब्लॉक पर सावित्रीबाई फुले रीडिंग रूम एवं डिजिटल लाइब्रेरी शुरू की जाएंगी। 1000 नए महात्मा गांधी राजकीय इंग्लिश मीडियम स्कूल खोले जाएंगे। 5 नई यूनिवर्सिटी, 3 नए मेडिकल कॉलेज, 44 नए कॉलेज, 27 नए महिला कॉलेज, 2 पशु चिकित्सा कॉलेज, 7 एग्रीकल्चर कॉलेज एवं 1 हॉर्टिकल्चर कॉलेज खोले जाएंगे।मुख्यमंत्री युवा उद्योग प्रोत्साहन योजना में 10 एवं 15 प्रतिशत मार्जिन मनी दी जाएगी। स्टार्ट अप्स व उद्योगों के लिए 250 करोड़ रुपये का राजस्थान वेंचर कैपिटल फंड बनाया जाएगा। जोमैटो, स्विगी, ऊबर, ओला जैसी इंटरनेट आधारित कंपनियों में कार्य करने वाले गिग वर्कर्स को शोषण से बचाने के लिए गिग वर्कर्स वेलफेयर बोर्ड एवं 200 करोड़ रुपये का गिग वर्कर्स वेलफेयर फंड बनाया जाएगा। इसके लिए गिग वर्कर्स वेलफेयर एक्ट लाया जाएगा। आईटी का इस्तेमाल करते हुए प्रत्येक पात्र व्यक्ति को उनकी पात्रता के अनुसार ही बिना आवेदन किए सामाजिक सुरक्षा पेंशन, सभी जरूरी सरकारी प्रमाण पत्र उपलब्ध करवाए जाएंगे. साथ ही, पात्रता के अनुसार स्वत: ही सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित होगा। सामाजिक सुरक्षा के लिए महात्मा गांधी मिनिमम गारंटी इनकम स्कीम लाई जाएगी जिसमें मनरेगा, इन्दिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना में सभी जरूरतमंदों को रोजगार सुनिश्चित होगा एवं आयु या दिव्यांग होने के कारण काम नहीं कर पाने पर न्यूनतम 1000 रुपये सोशल सिक्योरिटी पेंशन दी जाएगी।

OPS

राजस्थान में सभी कर्मचारियों को OPS दिया जा रहा है. निर्मला सीतारमण ने जयपुर में आकर कहा कि OPS बन्द कर देनी चाहिए. केन्द्र सरकार NPS में जमा पैसा वापस नहीं करेगी। राजस्थान में 621 पेंशनर्स व उनके परिवारों को OPS का लाभ दे दिया गया है।

ERCP

बजट में ERCP के लिए 13,500 करोड़ रुपये रखे गए हैं. पहले केन्द्र सरकार ने चिट्ठी लिखकर काम रोकने को कहा था। अब मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर काम रोकने का प्रयास किया है।

उन्होंने कहा कि बजट घोषणा में सीकर जिले में भी विभिन्न सौगातें दी है जिनमें
जिला मुख्यालय पर मिनी सचिवालय का निर्माण, सीकर सीटी में अतिरिक्त जिला कलक्टर कार्यालय रींगस (खण्डेला) में उपखण्ड अधिकारी कार्यालय खोला जायेगा। प्रभारी मंत्री रावत ने कहा कि खण्डेला, अजीतगढ़ (श्रीमाधोपुर) में उप अधीक्षक कार्यालय, जाजोद (खण्डेला), गोकुलपुरा (सीकर) में पुलिस थाने खोले जायेगें तथा होद (खण्डेला) में पुलिस चौकी की स्थापना की जायेगी वहीं फतेहपुर नगरपालिका नगरपरिषद में क्रमोन्नत की जाएगी । बजट घोषणानुसार नीमकाथाना नगरपालिका को क्रमोन्नत, लक्ष्मणगढ़ व श्रीमाधोपुर में 45-45 करोड़ रूपये की लागत से सीवरेज लाईन के कार्य, जिले की प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 10 करोड़ रूपये के सड़क निर्माण कार्य, खाद बीज दवाई विश्लेषण प्रयोगशाला स्थापित की जायेगी, मिनी फूड पार्क स्थापित किया जायेगा। धोद में कृषि उपज मण्डी की स्थापना,पशु चिकित्सा महाविद्यालय, पशुपालन प्रशिक्षण केन्द्र की स्थापना की जायेगी।

प्रभारी मंत्री रावत ने बताया कि लक्ष्मणगढ़ व धोद के प्रथम श्रेणी पशु चिकित्सालय को बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय में क्रमोन्नत किया जायेगा। ठीकरिया (खण्डेला) में पशु चिकित्सालय को प्रथम श्रेणी पशु चिकित्सालय में कमोन्नत किया जायेगा। जिला मुख्यालय पर ऑनलाईन परीक्षा केन्द्र की स्थापना, अजीतगढ़ में राजकीय कन्या महाविद्यालय खोला जायेगा। धोद व नीमकाथाना में नवीन आईटीआई खोली जायेगी। कटराथल (सीकर) में 132 केवी सब स्टेशन स्थापित किया जायेगा। मण्ढोली ( नीमकाथाना) में 33/11 केवीए जीएसएस स्थापित किया जायेगा। जिला मुख्यालय पर यूथ हॉस्टल, भर्ती परीक्षाओं में एक बारीय पंजीकरण, दांतारामगढ़ में खेल स्टेडियम का निर्माण, कोलिड़ा (सीकर) में फुटबाल अकादमी एवं सीकर में बास्केटबाल अकादमी घोषणा, ट्रोमा सेन्टर सीकर एवं रींगस, खाटू, खण्डेला, नेछवा सीएचसी को उप जिला अस्पताल में क्रमोन्नत, लक्ष्मणगढ़ में जिला अस्पताल में क्रमोन्नत करने सहित विभिन्न सौगातें दी है।

प्रेसवार्ता में खण्डेला विधायक एवं किसान आयोग अध्यक्ष महादेव सिंह खण्डेला, फतेहपुर विधायक हाकम अली, बीसूका उपाध्यक्ष सुनिता गिठाला, जिला कलेक्टर डॉ. अमित यादव, पुलिस अधीक्षक करण शर्मा, अतिरिक्त जिला कलेक्टर राकेश कुमार, मुख्य कार्यकारी अधिकारी राकेश कुमार सहित जनप्रतिनिधिगण, जिला, ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, प्रिंट एवं इलेक्ट्रानिक मीडियाकर्मी उपस्थित थें।

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...