Archive Notice: This article was originally published on 8 मई 2019.
Information, figures, and context may have changed since the time of publication.

अलवर के थानागाजी इलाके में दलित महिला के साथ की गई सामुहिक ज्यादती व वीडियो वायरल करने के आरोपियों को पुलिस द्वारा गिरफ्तार नहीं किये जाने के विरोध में भाजपा ने बुधवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। सांसद सुमेधानंद सरस्वती के नेतृत्व में भाजपाईयों ने डाक बंगले से कलेक्ट्रेट तक मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पुतले की शवयात्रा निकाली और कलेक्ट्रेट के बाहर राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया। राज्यपाल के नाम का ज्ञापन एसडीएम गरिमा लाटा को सौंपा जिसमें मुख्यमंत्री के इस्तीफे, आरोपियों को गिरफ्तार करने व लापरवाह पुलिस अधिकारियों को बर्खास्त करने की मांग है। ज्ञापन में लिखा गया है कि अलवर के थानागाजी में दलिता महिला के साथ उसके पति के सामने ही 26 अप्रैल को पांच युवकों द्वारा सामुहिक ज्यादती कर विडियो वायरल किया गया है। राज्य सरकार के राजनैतिक फायदे के लिए पुलिस ने मामले को उजागर ही नहीं किया। पीडि़ता के साथ ऐसा जघन्य अपराध करके अपराधी आज तक बैखोफ घुम रहे है। इससे राज्य की जनता कांग्रेस सरकार के प्रति आक्रोशित है। भाजपाईयों ने ज्ञापन में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के इस्तीफे की मांग करते हुए राज्य सरकार से पीडि़ता को न्याय दिलाने और अपराधियों को गिरफ्तार करने व मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों को बर्खास्त करने की मांग की है। दो दिन में ऐसा नहीं होने पर भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता व आमजन पूरे राजस्थान में आंदोलन करेगी। इस दौरान यूआईटी के पूर्व चेयरमैन हरिराम रणवां, पूर्व विधायक रतनलाल जलधारी व केडी बाबर, दिनेश जोशी, भंवर प्रकाश शर्मा, बलदेव सिंह खंडेला सहित काफी संख्या में भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...