सीकर, इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी अजीतगढ़ की ओर से वितरित की जाने वाली पुलिस मित्र टी-शर्ट का बुधवार को सीकर पुलिस अधीक्षक संजीव नैन ने विमोचन किया।

कानून व्यवस्था और यातायात प्रबंधन में पुलिस का सहयोग करने वाले पुलिस मित्र अब नई पहचान के साथ नजर आएंगे। राजस्थान पुलिस की ओर से पुलिस मित्रों के लिए सफेद टी-शर्ट को ड्रेस कोड के रूप में लागू किया गया है।

अजीतगढ़ सर्किल के पुलिस मित्र पहनेंगे सफेद टी-शर्ट

अजीतगढ़ पुलिस उपाधीक्षक प्रेम बहादुर निर्भय ने बताया कि अजीतगढ़ सीओ सर्किल के अधीन अजीतगढ़, थोई और श्रीमाधोपुर थानों के पुलिस मित्र अब तक सादे कपड़ों में ड्यूटी करते थे।

इसके कारण कई बार आमजन को पुलिस मित्रों की पहचान करने में परेशानी होती थी। खासकर भीड़भाड़ वाले आयोजनों, मेलों और यातायात व्यवस्था के दौरान पुलिस मित्रों और आम नागरिकों में अंतर करना मुश्किल हो जाता था।

इसी समस्या को देखते हुए इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी अजीतगढ़ की ओर से तीनों थानों के सभी पुलिस मित्रों को सफेद रंग की टी-शर्ट उपलब्ध कराई जाएगी।

टी-शर्ट के आगे और पीछे ‘पुलिस मित्र’ लिखा होगा तथा उस पर राजस्थान पुलिस का लोगो भी अंकित रहेगा।

महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को मिलेगी आसानी

सफेद टी-शर्ट से पुलिस मित्रों की अलग और स्पष्ट पहचान होगी। उन्हें दूर से ही आसानी से पहचाना जा सकेगा।

एक समान ड्रेस से पुलिस मित्रों में एकता और अनुशासन की भावना भी बढ़ेगी। आमजन को जरूरत पड़ने पर पुलिस मित्रों से सहायता लेने में आसानी होगी।

विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को सार्वजनिक आयोजनों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।

पुलिस मित्र की पहचान स्पष्ट होने से किसी फर्जी व्यक्ति द्वारा पुलिस मित्र बनकर लोगों को गुमराह करने की आशंका को भी कम करने में मदद मिलेगी।

पुलिस और आमजन के बीच समन्वय बढ़ाना उद्देश्य

पुलिस मित्र योजना का उद्देश्य पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय और विश्वास स्थापित करना है।

पुलिस मित्र समाज में पुलिस के सहयोगी के रूप में कार्य करते हुए अपराध रोकथाम, कानून व्यवस्था और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यों में भूमिका निभाते हैं।

एसपी बोले- पुलिस मित्र पुलिस परिवार का अहम हिस्सा

सीकर पुलिस अधीक्षक संजीव नैन ने कहा कि पुलिस मित्र पुलिस परिवार का अहम हिस्सा हैं।

उन्होंने कहा कि सफेद रंग शांति, सेवा और विश्वास का प्रतीक है। नई ड्रेस से पुलिस और जनता के बीच की दूरी और कम होगी।

उन्होंने उम्मीद जताई कि इस पहल से युवा भी पुलिस मित्र सेवा से जुड़ने के लिए प्रेरित होंगे।

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...