Archive Notice: This article was originally published on 6 मई 2026.
Information, figures, and context may have changed since the time of publication.

झुंझुनूं जिले के गुढागौड़जी थाना क्षेत्र में पुलिस पर जानलेवा हमला करने और सरकारी वाहनों को टक्कर मारने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों पर 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में हुई कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर IPS के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन में की गई। वहीं, थानाधिकारी सुरेश कुमार रोलन के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:

  • विरेन्द्र झाझड़िया उर्फ कालू निवासी नाटास
  • विकास स्वामी उर्फ विक्की निवासी खरबासा की ढाणी, गुढाबावनी

के रूप में हुई है।

पुलिस वाहन को मारी टक्कर

पुलिस के अनुसार, 14 मार्च 2026 को गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि हिस्ट्रीशीटर रोहित महला अपने गैंग के साथ बड़ी वारदात की फिराक में है।

सूचना पर पुलिस टीम जब गुढाबावनी के बांडियानाला क्षेत्र में पहुंची तो एक बिना नंबर की बोलेरो पिकअप ने सरकारी वाहन को टक्कर मार दी। हादसे में वाहन क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि एयरबैग खुलने से पुलिसकर्मी सुरक्षित बच गए।

पुलिसकर्मियों को कुचलने का प्रयास

घटना के दौरान आरोपी रोहित महला एक अन्य पिकअप लेकर मौके पर पहुंचा और पुलिस वाहन को टक्कर मारते हुए पुलिस जाप्ते पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। इस हमले में चार सरकारी कर्मचारी घायल हो गए।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने अपने पकड़े गए साथी को छुड़वा लिया और राजकार्य में बाधा पहुंचाई।

पहले भी दर्ज हैं कई मामले

पुलिस के अनुसार, आरोपी रोहित महला के खिलाफ पहले से 19 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह आरवी ग्रुप 0038 नाम से गैंग संचालित करता है।

मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं सहित एससी/एसटी एक्ट और पीडीपीपी एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच जारी है।

पहले दो आरोपी हो चुके गिरफ्तार

पुलिस ने बताया कि इस मामले में इससे पहले भी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अब फरार अन्य आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...