Archive notice This article was published on 03 June 2026 and reflects conditions at the time of publication. Information, figures, and context may have changed since.

रतनगढ़ (चूरू), जिले में संचालित जनगणना-2027 के प्रथम चरण ‘मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना’ कार्य के तहत बुधवार को रतनगढ़ उपखंड जनगणना अधिकारी मिथिलेश कुमार ने फील्ड निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया।

यह निरीक्षण जिला प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा के निर्देशन में किया गया।

फील्ड कार्मिकों से किया संवाद

निरीक्षण के दौरान उपखंड जनगणना अधिकारी मिथिलेश कुमार ने जनगणना कार्य में लगे फील्ड कार्मिकों से बातचीत कर उनके कार्यों की समीक्षा की।

उन्होंने गणना कार्य के दौरान सामने आने वाली चुनौतियों और समस्याओं की जानकारी ली तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

समय सीमा में कार्य पूरा करने पर जोर

मिथिलेश कुमार ने जनगणना कार्य से जुड़े कार्मिकों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं।

उन्होंने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सटीकता और समयबद्धता दोनों आवश्यक हैं, इसलिए सभी कार्मिक पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।

“जनगणना के आंकड़े विकास योजनाओं और प्रशासनिक निर्णयों की आधारशिला होते हैं, इसलिए कार्य को गंभीरता और सटीकता के साथ पूरा किया जाए।”

राजलदेसर में हुई समीक्षा बैठक

इसी क्रम में राजलदेसर नगरपालिका क्षेत्र में जनगणना कार्य की प्रगति और आगामी कार्ययोजना को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में चार्ज अधिकारी अक्षय शर्मा ने सभी जनगणना सुपरवाइजरों को कार्य की गति बढ़ाने और निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सुपरवाइजरों की समस्याओं का किया समाधान

बैठक में फील्ड ट्रेनर नगराज प्रजापत और महेश कुमार ने सुपरवाइजरों की ओर से उठाए गए विभिन्न तकनीकी और कार्य संबंधी मुद्दों पर चर्चा की।

उन्होंने फील्ड स्तर पर आने वाली समस्याओं का समाधान करते हुए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया, जिससे जनगणना कार्य को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

जनगणना-2027 का पहला चरण जारी

गौरतलब है कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य किया जा रहा है। इसके तहत क्षेत्र में स्थित सभी भवनों और मकानों का विवरण दर्ज किया जा रहा है, जिससे आगामी जनगणना प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित किया जा सके।