Archive notice This article was published on 02 June 2026 and reflects conditions at the time of publication. Information, figures, and context may have changed since.

चूरू जिले के रतनगढ़ शहर में देर रात हुड़दंग मचाने और तेज गति से बाइक चलाकर लोगों को परेशान करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है।

पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर शहर के विभिन्न क्षेत्रों से 30 युवकों को गिरफ्तार किया।

आमजन की शिकायतों के बाद चला अभियान

थानाधिकारी गौरव खिड़िया ने बताया कि पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ युवक देर रात शहर में तेज रफ्तार बाइक चलाकर शोर-शराबा कर रहे हैं।

इन गतिविधियों से आम नागरिकों, बुजुर्गों और परिवारों को परेशानी हो रही थी। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने कार्रवाई की योजना बनाई।

कई टीमों ने शहर में की कार्रवाई

पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर शहर के विभिन्न इलाकों में निगरानी और कार्रवाई की।

विशेष अभियान के दौरान हुड़दंग मचाने और यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले 30 युवकों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया।

भविष्य में नहीं दोहराने की दी चेतावनी

पुलिस के अनुसार सोमवार रात पकड़े गए सभी युवकों को मंगलवार को भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों में शामिल नहीं होने की सख्त हिदायत देकर छोड़ दिया गया।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दोबारा नियम तोड़ने वालों के खिलाफ और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

लगातार जारी रहेगा अभियान

सीआई गौरव खिड़िया ने बताया कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और आमजन को राहत देने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

पुलिस देर रात हुड़दंग, रेसिंग, तेज रफ्तार बाइकिंग और सार्वजनिक शांति भंग करने वाली गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखेगी।

आमजन ने की कार्रवाई की सराहना

स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की इस कार्रवाई का स्वागत किया है।

लोगों का कहना है कि देर रात तेज रफ्तार बाइक और शोर-शराबे से काफी परेशानी होती थी। ऐसे में पुलिस की सख्ती से शहर में शांति और सुरक्षा का माहौल बनेगा।