Archive notice This article was published on 18 May 2026 and reflects conditions at the time of publication. Information, figures, and context may have changed since.

चूरू जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल सिद्धपीठ सालासर धाम में इन दिनों पेयजल संकट गहराता जा रहा है। गर्मी बढ़ने के साथ ही कई इलाकों में पानी की सप्लाई प्रभावित होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

विशेषकर बालाजी क्रिकेट ग्राउंड के पास स्थित श्री मोहन कॉलोनी में पिछले कई दिनों से नियमित जल सप्लाई नहीं होने की शिकायत सामने आई है।

टैंकरों के सहारे चल रहा काम

स्थानीय लोगों का कहना है कि पानी नहीं आने के कारण उन्हें ऊंचे दामों पर निजी टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं।

गर्मी के शुरुआती दौर में ही हालात ऐसे बन गए हैं, जिससे आगामी दिनों में स्थिति और गंभीर होने की आशंका जताई जा रही है।

मोहल्लेवासियों के अनुसार रोजमर्रा के कामों के लिए भी पानी जुटाना मुश्किल हो गया है।

जलदाय विभाग पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों ने जलदाय विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि लाखों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र सालासर धाम में पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा को लेकर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा।

क्या बोला विभाग?

जलदाय विभाग की देखरेख से जुड़े मूलचंद ने बताया कि कई बार पानी की सप्लाई दी गई है, लेकिन लाइन के अंतिम छोर तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है।

विभाग की ओर से समस्या के समाधान का प्रयास किया जा रहा है।

मोहल्लेवासियों ने बताई परेशानी

स्थानीय निवासी नरेश शर्मा ने बताया कि क्षेत्र में पानी की भारी किल्लत बनी हुई है।

उन्होंने कहा कि नियमित सप्लाई नहीं होने के कारण लोगों को मजबूरी में टैंकरों से पानी खरीदना पड़ रहा है, जिससे अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।

बढ़ती गर्मी से बढ़ी चिंता

क्षेत्रवासियों का कहना है कि अभी गर्मी की शुरुआत है और आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ेगा। ऐसे में यदि समय रहते समाधान नहीं किया गया तो लोगों को और ज्यादा परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।