Archive notice This article was published on 18 May 2026 and reflects conditions at the time of publication. Information, figures, and context may have changed since.

चूरू जिले के सुजानगढ़ में तिरपाल मंडी से जैन विश्व भारती जाने वाला खानपुर-लाडनूं आम रास्ता बदहाल स्थिति में पहुंच गया है। सड़क पर जगह-जगह पानी भरने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश और शहर का गंदा पानी लगातार सड़क पर जमा हो रहा है, लेकिन समस्या के समाधान के लिए नगर परिषद की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही।

नाले ओवरफ्लो, सड़क बनी तालाब

क्षेत्रवासियों के अनुसार इस मार्ग पर सुजानगढ़ शहर का पानी आता है। नाले नहीं बनने और नालियों की समय पर सफाई नहीं होने के कारण पानी सड़क पर फैल जाता है।

स्थिति ऐसी हो गई है कि कई जगह सड़क पर लगातार जलभराव बना हुआ है।

बंद पड़ा पानी निकालने का पंप

स्थानीय निवासी मोहम्मद रफीक खींची ने बताया कि हर साल नगर परिषद की ओर से नालों की सफाई करवाई जाती थी, लेकिन इस बार सफाई कार्य नहीं हुआ।

उन्होंने बताया कि पानी निकालने के लिए लगाया गया पंप भी लंबे समय से बंद पड़ा है।

रफीक के अनुसार पंप का बिजली कनेक्शन बिल बकाया होने के कारण काट दिया गया है। साथ ही पाइपलाइन में कई जगह लीकेज होने से समस्या और बढ़ गई है।

लोगों ने उठाई कार्रवाई की मांग

स्थानीय लोगों ने नगर परिषद से जल्द नालों की मरम्मत करवाने और पंप दोबारा चालू करने की मांग की है।

प्रदीप सिंह राठौड़ ने बताया कि पिछले साल बारिश के दौरान यहां हालात बेहद खराब हो गए थे। यदि समय रहते समाधान नहीं किया गया तो इस बार स्थिति और गंभीर हो सकती है।

बारिश में बढ़ सकती है परेशानी

क्षेत्रवासियों का कहना है कि मानसून के दौरान यह मार्ग पूरी तरह प्रभावित हो सकता है।

लोगों ने प्रशासन से जल्द स्थायी समाधान निकालने और जलनिकासी व्यवस्था सुधारने की मांग की है।