Information, figures, and context may have changed since the time of publication.
फतेहपुर, [बाबूलाल सैनी ] राजस्थान दिवस के मौके पर कस्बे की होटल हवेली में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में देर रात तक खूब रंग जमा। राजस्थानी गायक कलाकार सीमा मिश्रा के गानों पर देर रात तक लोग थिरकते रहे। इस दौरान विधायक हाकम अली खान, अतिरिक्त जिला कलेक्टर धारा सिंह मीणा व कोतवाल उदय सिंह यादव सहित अन्य लोग भी अपने आप को नहीं रोक पाए। सीमा मिश्रा के गानों पर वो थिरकते रहे। सीमा मिश्रा के गानों पर जनप्रतिनिधियों प्रशासनिक अधिकारियों व पुलिस अधिकारियों सहित आम जनता ने खूब नृत्य कर आनंद लिया। होटल हवेली में शाम 7:00 बजे शुरू हुए कार्यक्रम में सीमा मिश्रा के अलावा स्थानीय लोक कलाकारों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति दी। रात करीब 8:30 बजे सीमा मिश्रा ने मंच संभाला और उसके बाद एक से बढ़कर एक राजस्थानी गीतों की प्रस्तुति देकर सभी को झूमने पर मजबूर कर दिया। सीमा मिश्रा ने मिश्री को बाग़ लगा दे रसिया, ऊंचो घालो पालनो जल जमुना रे नीर, बाईसा रा बीरा जयपुर जाजो जी आता तो लाई जो तारा री चुनरी सहित कई गानों की प्रस्तुति देकर मन मोह लिया। कार्यक्रम में विधायक हाकम अली खान, अतिरिक्त जिला कलेक्टर धारा सिंह मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामचंद्र, उप जिला प्रमुख ताराचंद धायल, नगर पालिका अध्यक्ष मुस्ताक नजमी, रामगढ़ पालिका अध्यक्ष दुदाराम, लक्ष्मणगढ़ पालिका अध्यक्ष मुस्तफा कुरेशी बतौर अतिथि मौजूद रहे।
