Posted inJhunjhunu News (झुंझुनू समाचार)

सूरजगढ़: काजड़ा स्कूल में बेटियों का प्रतिभा सम्मान समारोह

Surajgarh Block Topper Sakshi being honoured in Kajra School

सूरजगढ़, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (अंग्रेजी माध्यम), काजड़ा में प्रतिभावान छात्राओं के सम्मान में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। यह आयोजन संस्था प्रधान रोशन कुलहरी के नेतृत्व में आयोजित हुआ, जिसमें बोर्ड परीक्षा 2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली कक्षा 12वीं, 10वीं और 8वीं की मेधावी छात्राओं को मंच पर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुई। समारोह में प्रधानाचार्य महिपाल सिंह, आदर्श समाज समिति इंडिया के अध्यक्ष धर्मपाल गांधी, उप सरपंच राकेश मनीठिया और पूर्व प्रधानाचार्य राजपाल सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।


साक्षी को ‘गांधी प्रतिभा पुरस्कार-2025’

विद्यालय की छात्रा साक्षी ने कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा में 96.50% अंक प्राप्त कर सूरजगढ़ ब्लॉक टॉपर बनने का गौरव हासिल किया। इस अवसर पर धर्मपाल गांधी ने साक्षी को शॉल ओढ़ाकर और “गांधी प्रतिभा पुरस्कार-2025” से नवाजा।

विद्यालय स्टाफ ने भी सामूहिक रूप से साक्षी को ₹11,000 नकद राशि भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही गांधीजी द्वारा लिखित पुस्तक ‘क्रांति का आगाज़’ भी साक्षी को भेंट की गई।


गार्गी पुरस्कार प्राप्त छात्राएं भी सम्मानित

कार्यक्रम में कक्षा 8, 10 व 12 की अन्य होनहार छात्राओं को भी मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया। साथ ही राज्य सरकार द्वारा दिए गए गार्गी पुरस्कार में चयनित छात्राओं का भी अभिनंदन किया गया।


साक्षी का गांव में डीजे और घोड़ी पर जुलूस

सम्मान समारोह के बाद ब्लॉक टॉपर साक्षी को घोड़ी पर बैठाकर और डीजे की धुनों पर पूरे गांव में जुलूस निकाला गया। ग्रामीणों और अभिभावकों ने सरकारी विद्यालय की इस बड़ी उपलब्धि पर गर्व जताया और स्टाफ का साधुवाद किया।


मुख्य वक्ता और संचालन

अतिथियों ने बेटियों की शिक्षा और सम्मान पर प्रेरणादायक भाषण दिए। कार्यक्रम का सफल संचालन वरिष्ठ अध्यापिका सुशीला ने किया। कार्यक्रम के अंत में संस्था प्रधान रोशन कुलहरी ने सभी का आभार व्यक्त किया।


उपस्थित गणमान्य नागरिक

महावीर प्रसाद शास्त्री, रोहतास बुडानिया, ओमप्रकाश, दयानंद जलिन्द्रा, दिलीप, सुरेंद्र, वार्ड पंच भूमिका शर्मा, प्रेम देवी, सुरेश कुमार, राजेंद्र प्रसाद, प्रकाश मीणा, मोहित चाहर, सुशीला, इंदुरानी, संतोष, कृष्णा कुमारी सैनी और बड़ी संख्या में अभिभावक कार्यक्रम में मौजूद रहे।