Archive Notice: This article was originally published on 2 मार्च 2019.
Information, figures, and context may have changed since the time of publication.

देश भक्ति से ओतप्रोत गीतों के साथ भारतीय जनता पार्टी ने जिले की सभी आठों विधानसभा क्षेत्रों में लोकसभा चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं की विजय संकल्प बाइक महारैली शनिवार को निकाली। जिले से लेकर मंडल बूथ स्तर तक निकली बाइक महारैली में हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने तिरंगा और भाजपा का झंडा लेकर चल रहे थे। जिला महामंत्री नंदकिशोर सैनी ने बताया कि केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर जिले की सभी आठों विधानसभा सभाओं में पार्टी कार्यकर्ताओं ने विजय संकल्प बाइक महारैली निकाली। शहर में तीनों मंडलों की संयुक्त बाइक महारैली को सांसद सुमेधानंद सरस्वती, पूर्व विधायक रतनलाल जलधारी ने रामलीला मैदान में झंडी दिखाकर रवाना किया। बाइकों पर तिरंगा सहित भाजपा के झंडे, बैनर लगे हुए थे वहीं कार्यकर्ताओं ने गले में पार्टी का दुपट्टा, टोपी पहना हुआ था। देश भक्ति के रंग में रंगी हुई और लोकसभा चुनावों में भाजपा के विजय संकल्प के साथ कार्यकर्ताओं की बाइक महारैली रामलीला मैदान से परशुराम पार्क, दूजोद गेट, घंटाघर, सुरजपोल गेट, जाट बाजार, तापडिय़ा बगीची, कल्याण सर्किल, सिल्वर जुबली रोड, बजरंग कांटा, जयपुर रोड होते हुए शहीद स्मारक पहुँची, जहां पर बाइक महारैली का समापन हुआ। शहीद स्मारक पर रैली के समापन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहीदों के स्मारक पर पुष्प अर्पित कर शहीदों की शहादत को नमन किया। यहां कार्यकर्ताओं ने भारत माता के जयकारों से आकाश गुंजायमान कर दिया। महारैली जिस रास्ते से गुजर रही थी आमजन भी भारत माता के जयकारों के साथ कार्यकर्ताओं का स्वागत कर रहा था। जिले में लक्ष्मणगढ़, फतेपहपुर, धोद, दांतारामगढ़, श्रीमाधोपुर, खंडेला, नीमकाथाना में भाजपा की बाइक महारैली कार्यकर्ताओं ने निकाली। इस दौरान सांसद सुमेधानंद सरस्वती, जिला प्रमुख अर्पणा रोलन, पूर्व विधायक रतनलाल जलधारी, जिला महामंत्री नंदकिशोर सैनी, इंद्रा चौधरी, महेंद्र जोशी, महारैली के जिले के संयोजक बलदेव सिंह खंडेला, जिला उपाध्यक्ष भंवर प्रकाश शर्मा, जिला मंत्री प्रभु सिंह सेवद, विस्तारक रवि शर्मा, सीकर विधानसभा में रैली के संयोजक रतनलाल सैनी, डिम्पी सैनी सहित हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता रैली में शामिल रहे।

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...