Archive Notice: This article was originally published on 24 जून 2022.
Information, figures, and context may have changed since the time of publication.

कहा- मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव से मिलने के बाद अब स्वीकृति के स्तर पर है प्रस्ताव

थोड़े ही समय में गिनाणी की समस्या से मिलेगी निजात

चूरू, राजस्थान राज्य महिला आयोग अध्यक्ष रेहाना रियाज ने शुक्रवार को गाजसर गिनाणी क्षेत्र का निरीक्षण किया और वस्तुस्थिति का जायजा लिया। इस मौके पर उन्होंने सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की व्यवस्थाएं देखीं और आवश्यक निर्देश नगर परिषद के अधिकारियों को दिए। इस मौके पर महिला आयोग अध्यक्ष ने बताया कि यह गिनाणी चूरू और आसपास के ग्रामीण क्षेत्र की बड़ी समस्या है लेकिन राज्य सरकार के सकारात्मक रुख के कारण अब कुछ ही दिनों में इस समस्या का समाधान हो जाएगा। रियाज ने बताया कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और मुख्य सचिव सहित संबंधित लोगों से मिलकर उन्होंने इस समस्या को उठाया था, जिस पर सभी का रवैया बहुत सकारात्मक रहा। प्रमुख शासन सचिव जोगाराम और जिला कलक्टर सिद्धार्थ सिहाग ने भी बहुत रूचि दिखाई। अब यह दस करोड़ रुपए का प्रस्ताव राज्य सरकार में स्वीकृति के स्तर पर है और आने वाले कुछ ही दिनों में स्वीकृति के बाद इसकी घोषणा होगी। उन्होंने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह चूरू क्षेत्र की बड़ी समस्या है, जिसका समाधान होने से लोगों को काफी राहत मिलेगी। उन्होेंने बताया कि दस करोड़ से गंदे पानी का समुचित निस्तारण, गिनानी का सुदृढीकरण आदि कार्य किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि करीब दो-ढाई महीने पहले उन्होंने गिनाणी का निरीक्षण कर फीडबैक लिया था और उसके बाद इस समस्या के समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए। उन्होंने कहा कि यह दुखद स्थिति ही है कि जहां और लोग बरसात के आने की कामना करते हैं, वहीं गंदे पानी की समस्या से ग्रस्त इस क्षेत्र के लोगों के लिए बरसात संकट बनकर आती है। गिनाणी के ओवर फ्लो होने से विभिन्न प्रकार की समस्या उत्पन्न हो जाती है तथा जनजीवन बाधित हो जाता है। आबादी क्षेत्र में पानी भरने से लोगों की जान पर बन आती है। सड़क और रास्ते बाधित हो जाते हैं। इसलिए इस समस्या का समाधान बेहद जरूरी था। अब सरकार ने इस पर सकारात्मक रूख दिखाया है तो निस्संदेह कुछ ही दिनों में व्यवस्थाएं दुरुस्त नजर आएंगी। महिला आयोग अध्यक्ष ने कहा कि बार-बार गिनाणी टूटना भी दुर्भाग्यजनक है और अधिकारियों को इसकी तह में जाना चाहिए ताकि किसी भी प्रकार के संभावित नुकसान को रोका जा सके। इस दौरान नगर परिषद के सहायक प्रशासनिक अधिकारी सीताराम मीणा, राधेश्याम चोटिया, जमील चौहान, रामनिवास सहारण, शेर खान मलकान, मुबारिक भाटी, रामदेव, हैड कांस्टेबल संजय कुमार सहित संबंधित अधिकारी, कर्मचारी आदि मौजूद थे।

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...