Information, figures, and context may have changed since the time of publication.
झुंझुनू जिला निर्वाचन अधिकारी रवि जैन ने एक आदेश जारी कर, चुनाव कार्य में लापरवाही एवं उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना करने पर नगर परिषद के सहायक अभियंता राहुल भाटिया को तुरंत प्रभाव से निलम्बित किया है। जैन ने बताया कि केन्द्रीय प्रेक्षक डॉ. त्रिलोकचंद केवी व एसडीएम झुंझुनू द्वारा शुक्रवार को सांय 5.30 बजे बीड़ चौकी, झुंझुनू स्थित स्थैतिक निगरानी दल का निरीक्षण किया गया। सहायक रिटर्निंग ऑफिसर झुंझुनू ने अवगत कराया कि निरीक्षण के दौरान स्थैतिक निगरानी दल के प्रभारी नगर परिषद के सहायक अभियंता राहुल भाटिया अनुपस्थित पाए गए। भाटिया से दूरभाष पर सम्पर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि वे झुंझुनू आए हुए हैं, जबकि उनकी ड्यूटी दोपहर 2 बजे से रात्रि 10 बजे तक लगाई गई थी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने चुनाव कार्य में लापरवाही एवं उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना करने पर राहुल भाटिया को तुरंत प्रभाव से निलम्बित किया है। निलम्बन काल के दौरान भाटिया का मुख्यालय एसडीएम कार्यालय नवलगढ़ रहेगा। निलम्बन काल के दौरान इन्हें नियमानुसार निर्वाह भत्ता देय होगा।
