Archive Notice: This article was originally published on 21 जुलाई 2022.
Information, figures, and context may have changed since the time of publication.

चूरू, जिला कलक्टर सिद्धार्थ सिहाग ने गुरुवार को भारत निर्माण राजीव गांधी सेवा केंद्र में हुई जिला जन अभियोग एवं सतर्कता समिति की बैठक में विभिन्न प्रकरणों पर विचार-विमर्श किया और जिला स्तरीय जन सुनवाई में आमजन की समस्याएं सुनकर निस्तारण के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। वीसी में रतनगढ़ विधायक अभिनेष महर्षि, एसपी दिगंत आनंद सहित अधिकारीगण मौजूद रहे। संभागीय आयुक्त डॉ नीरज के पवन वीसी के जरिए जन सुनवाई से जुड़े।

जिला कलक्टर ने जन सुनवाई के दौरान एक-एक फरियादी को तसल्ली से सुना और समस्याओं के निस्तारण के लिए मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश दिए। इस मौके पर जिला कलक्टर ने आमजन की पानी, बिजली, स्वास्थ्य, सड़क, सहकारिता और अतिक्रमण समेत विभिन्न मसलों से जुड़ी शिकायतें सुनीं और अधिकारियों को इन समस्याओं के समुचित निस्तारण के लिए कहा। इस मौके पर जिला कलक्टर ने अधिकारियों से कहा कि किसी भी माध्यम से प्राप्त होने वाली आमजन की समस्याओं को गंभीरता से लें और संवेदनशीलता के साथ उसकी सत्यता की जांच कर प्रामाणिक पाए जाने पर यथाशीघ्र आवश्यक कार्यवाही करें। उन्होेंने राजगढ़ के सेऊवा में गौशाला संचालन में अनियमितता की शिकायत पर एसडीएम से कहा कि वे पटवारी से गौशाला की वस्तुस्थिति की रिपोर्ट प्राप्त करें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे अपने काम में संवेदनशीलता रखें ही, आमजन के प्रति उनका व्यवहार सही होना चाहिए। जिला कलक्टर ने कहा कि राज्य सरकार आमजन की समस्याओें के समुचित एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए गंभीर है तथा इसी क्रम में ग्राम पंचायत से लेकर जिला स्तर तक जन सुनवाई की व्यवस्था की गई है। अधिकारी बेहतर सेवाओं से यह सुनिश्चित करें कि आमजन को शिकायतों के अवसर ही नहीं मिलें। इसके बाद यदि किसी व्यक्ति की शिकायत प्राप्त होती है तो तत्काल समस्या का समुचित निस्तारण किया जाना सुनिश्चित करें।

रतनगढ़ विधायक अभिनेष महर्षि ने इस दौरान विधायक कोष के कार्यों में अनावश्यक विलंब, रतनगढ़ में पानी निकासी, मुख्यमंत्री बजट घोषणा में स्वीकृत ट्यूबवैल चालू करने, क्षेत्र में सड़कों के निर्माण में गुणवत्ता रखने, राजलदेसर व पड़िहारा सहित विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में समुचित संख्या में डाक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आवारा पशुओं की समस्या की तरफ ध्यान आकर्षित किया और कहा कि विभिन्न विभागों को आपसी सामंजस्य के साथ काम करते हुए आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता और तत्परता से निस्तारण करना चाहिए।

इस दौरान एसपी दिगंत आनंद, सीईओ रामनिवास जाट, एसडीएम सत्यनारायण सुथार, तहसीलदार धीरज झाझड़िया, सीएमएचओ डॉ मनोज शर्मा, एडिशनल एसपी देवानंद, सानिवि एसई शिशपाल सिंह, पीएचईडी एसई कैलाश पूनिया, डिस्कॉम एक्सईएन अनिल पूनिया, आईसीडीएस उपनिदेशक डॉ नरेंद्र शेखावत, सीडीईओ संतोष महर्षि, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक अरविंद ओला, पीएचईडी प्रोजेक्ट एसई राममूर्ति, बीसीएमओ डॉ जगदीश भाटी, एसीपी मनोज गरवा, उद्योग महाप्रबंधक नानूराम गहनोलिया, कॉपरेटिव बैंक एमडी मदनलाल, वाटरशेड एसई आनंद सिंह गहलोत सहित संबंधित अधिकारीगण मौजूद थे।

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...