Archive Notice: This article was originally published on 18 अप्रैल 2022.
Information, figures, and context may have changed since the time of publication.

चूरू, अतिरिक्त जिला कलक्टर लोकेश गौतम ने अधिकारियों से कहा है कि वे सक्रियता, सजगता और संवेदनशीलता के साथ काम करते हुए पानी, बिजली, स्वास्थ्य सहित आवश्यक सेवाएं दुरुस्त रखें और आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करें। सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचे, यह हम सभी का दायित्व है। अतिरिक्त जिला कलक्टर सोमवार को कलक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में अधिकारियों से चर्चा कर रहे थे। जिला कलक्टर ने कहा कि संपर्क पोर्टल पर छह माह एवं दो माह से पुराने प्रकरणों को अत्यंत गंभीरता से लें और उनके यथाशीघ्र निस्तारण के लिए समुचित प्रयास करें। इसके अलावा भी निरंतर एवं नियमित मॉनीटरिंग करते हुए संपर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण करें। जन समस्याओं के निस्तारण को लेकर राज्य सरकार अत्यंत गंभीर है, इसलिए कोई भी अधिकारी इस संबंध में लापरवाही या शिथिलता नहीं बरते। उन्होंने कहा कि समस्या समाधान में लगने वाले औसत समय में कमी आनी चाहिए और लोगों की संतुष्टि का स्तर बेहतर हो, यह हमारी कोशिश रहनी चाहिए।

फ्लैगशिप योजनाओं पर चर्चा करते हुए अतिरिक्त जिला कलक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री निःशुल्क दवा योजना तथा निःशुल्क जांच योजना सहित स्वास्थ्य विभाग की सभी योजनाएं आमजन के स्वास्थ्य के लिहाज से महत्त्वपूर्ण हैं, इनकी नियमित और सघन मॉनीटरिंग हो ताकि लोगों को समुचित लाभ मिले। अतिरिक्त जिला कलक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन में गंभीरता दिखाएं। जिन विभागों में ज्यादा शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, वे अपनी सेवाओं और समस्या समाधान पर ज्यादा फोकस करें और देखें कि विभागीय शिथिलता के कारण कोई व्यक्ति परेशान नहीं हो। बीस सूत्री कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि हमारा यह प्रयास रहना चाहिए कि जिला बीस सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन में स्टेट में अव्वल रहे और लोगों को इस मॉनीटरिंग का लाभ मिले। इस दौरान सीईओ रामनिवास जाट, सीपीओ जगदीश जांगिड़, एसीपी मनोज गर्वा, सानिवि एसई शिशुपाल सिंह, डिस्कॉम एसई एमएम सिंघवी, डिप्टी रजिस्ट्रार (सहकारिता) गणेशाराम खाती, सहकारी बैंक एमडी मदन लाल, डॉ अशोक शर्मा, महिला अधिकारिता के सहायक निदेशक संजय कुमार, सीडीपीओ सीमा सोनगरा, सीडीईओ संतोष महर्षि, डीएसओ सुरेंद्र महला, उद्योग महाप्रबंधक नानूराम गहनोलिया, सांख्यिकी विभाग के सहायक निदेशक डॉ अनिल शर्मा, एसीएफ दिलीप सिंह राठौड़ सहित संबंधित अधिकारीगण मौजूद थे।

–

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...