Posted inRajasthan News (राजस्थान समाचार)

NCRB Report : ठगी में राजस्थान, मर्डर में यूपी है टॉप! NCRB ने आज जारी किये आंकड़े


NCRB Report : भारत में एक साल में 62.41 लाख संगीन अपराध, सालभर में 7.2% अपराध बढ़े
महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामलों में राजस्थान देश में तीसरे नंबर पर


National Crime Ricord Beuro (NCRB) ने भारत में अपराधों पर अपनी ताजा रिपोर्ट (Crime in India) जारी की है। इस रिपोर्ट के मुताबिक वर्ष 2023 में कुल 62,41,569 संज्ञेय अपराध दर्ज किए गए, जिनमें 37,63,102 भारतीय दंड संहिता (IPC) के अपराध और 24,78,467 विशेष एवं स्थानीय कानून (SLL) के अपराध शामिल हैं।

यह 2022 (58,24,946 मामले) की तुलना में मामलों के पंजीकरण में 4,16,623 (7.2%) की वृद्धि दर्शाता है। प्रति लाख जनसंख्या पर दर्ज अपराध दर 2022 में 422.2 से बढ़कर 2023 में 448.3 हो गई है।

2023 के दौरान, आईपीसी और एसएलएल अपराधों के तहत मामलों के पंजीकरण में 2022 की तुलना में क्रमशः 5.7% और 9.5% की वृद्धि हुई है। 2023 के दौरान कुल संज्ञेय अपराधों में आईपीसी का प्रतिशत हिस्सा 60.3% था जबकि एसएलएल मामलों का प्रतिशत हिस्सा 39.7% था।

चोरी-मोटर वाहन के मामले जबर्दस्त बढ़े :
सार्वजनिक मार्ग में बाधा (आईपीसी की धारा 283) के तहत दर्ज मामलों में 2022 में 93,548 से 2023 में 1,51,469 मामलों तक और ‘चोरी’ के तहत 2022 में 6,52,731 मामलों से 2023 में 6,89,580 मामलों तक बड़ी वृद्धि देखी गई है।

इसी प्रकार, SLL श्रेणी के अंतर्गत, मोटर वाहन अधिनियम के तहत दर्ज मामलों में 2022 में 94,450 से 2023 में 1,91,828 मामलों तक बड़ी वृद्धि हुई है। इसके परिणामस्वरूप 2022 की तुलना में 2023 के दौरान SLL में 97,378 मामलों की वृद्धि हुई है।


लेनदेन में धोखे के मामले
राज्यवार अपराधों की बात करें तो बड़े प्रदेशों में राजस्थान में ठगी के मामले सबसे ज्यादा दर्ज हुए हैं। इसी तरह हत्या के सर्वाधिक मामले UP में दर्ज हुए है। महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामलों में भी उत्तर प्रदेश टॉप पर है। इस मामले में राजस्थान तीसरे नंबर पर है। NCRB की रिपोर्ट के मुताबिक वर्ष 2023 में रुपयों के लेनदेन के देश में 1 लाख 98 हजार 916 मामले दर्ज हुए। इनमें से सबसे ज्यादा 27,675 मामले राजस्थान के हैं।
इसके साथ ही 2023 में देशभर में हत्या के 27 हजार 56 मामले दर्ज हुए। देशभर में हत्या के मामलों में उत्तरप्रदेश पहले नंबर पर रहा, जहां हत्या के 3 हजार 206 मामले दर्ज हुए। दूसरे नंबर पर बिहार में 2 हजार 862, तीसरे पर महाराष्ट्र में 2 हजार 208 और चौथे पर मध्यप्रदेश में 1 हजार 832 मामले दर्ज हुए।राजस्थान 1 हजार 804 केस के साथ पांचवें नंबर पर रहा।