सीकर, विद्यार्थियों को शुद्ध और ताजा खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार की ओर से चलाए जा रहे ‘सही खान-पान, स्वस्थ राजस्थान’ अभियान के तहत सीकर शहर में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने कार्रवाई की।

अभियान के तहत शिक्षण संस्थानों के आसपास संचालित होटल, ढाबे, हॉस्टल, मैस और भोजनालयों का निरीक्षण किया गया।

सीकर शहर के पिपराली रोड क्षेत्र में संचालित कोचिंग संस्थानों और खाद्य प्रतिष्ठानों का खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने निरीक्षण किया।

आटा, मसाले और अन्य खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए

कार्रवाई के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए। ज्यून गार्डन से ब्रेड, रोमिनोज पिज्जा से पिज्जा और आकाश शाही हॉस्पेलिटी से गेहूं के आटे का सैंपल लिया गया।

इसी तरह राधिका गर्ल्स स्कूल के पास से धनिया पाउडर, पवन बॉयल हॉस्टल से गेहूं का आटा, सत्य के यहां से बिरयानी सॉस और केपीटी गर्ल्स हॉस्टल से गेहूं के आटे का सैंपल लिया गया।

इसके अलावा आरएन हॉस्टल से हल्दी पाउडर, ड्रीम टीम हॉस्टल से धनिया एवं हल्दी पाउडर और श्री धनराज गर्ल्स हॉस्टल से सरसों के तेल का सैंपल लिया गया।

सभी सैंपलों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला, जयपुर भेजा गया है।

विद्यार्थियों को हेल्दी फूड के लिए किया जागरूक

कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को जंक फूड और फास्ट फूड से बचने तथा पौष्टिक और हेल्दी खाद्य पदार्थ अपनाने के लिए प्रेरित किया।

अधिकारियों ने विद्यार्थियों को ‘सही खान-पान, स्वस्थ राजस्थान’ अभियान की जानकारी भी दी।

साथ ही विद्यार्थियों से स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों के आसपास खाद्य वस्तुओं में मिलावट करने वालों की सूचना देने की अपील की गई।

इन अधिकारियों ने किया निरीक्षण

कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी फूलसिंह बाजिया, महमूद अली, नंदराम मीना, सुरेश कुमार शर्मा, कमलेश कुमार मीना, अम्बिका चौधरी, साधना जांगिड़, सुनीता यादव, तरुण शर्मा और विकेश कुमार मीना शामिल रहे।

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...