Archive notice This article was published on 02 June 2026 and reflects conditions at the time of publication. Information, figures, and context may have changed since.

सीकर जिला प्रशासन आगामी मानसून को देखते हुए पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने मंगलवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर मानसून पूर्व तैयारियों और विकास कार्यों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने पिपराली रोड, पुलिया रोड, नवलगढ़ रोड, पिपराली चौराहा और राधाकिशनपुरा क्षेत्र का जायजा लिया।

जलभराव रोकने के लिए दिए विशेष निर्देश

जिला कलेक्टर ने नगर परिषद, नगर विकास न्यास (यूआईटी) और सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

उन्होंने मानसून शुरू होने से पहले सभी आवश्यक कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया।

नालों की सफाई और रखरखाव पर फोकस

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पिपराली रोड और नवलगढ़ रोड के नालों की स्थिति का अवलोकन किया।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित सफाई, कचरा हटाने और नालों के रखरखाव की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि बारिश के दौरान पानी की निकासी में कोई बाधा न आए।

अतिक्रमण हटाने के निर्देश

कलेक्टर आशीष मोदी ने निर्माणाधीन पुलियाओं के आसपास बनी सर्विस रोड और पिपराली चौराहे से अतिक्रमण हटाने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था और जल निकासी को प्रभावित करने वाले अतिक्रमणों पर त्वरित कार्रवाई की जाए।

कुड़ली न्यायालय के पास नालों की होगी सफाई

निरीक्षण के दौरान ग्राम कुड़ली न्यायालय के समीप बने नालों का भी निरीक्षण किया गया।

कलेक्टर ने अधिकारियों को वहां जमा कचरे और गंदगी का शीघ्र निस्तारण कर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

राधाकिशनपुरा सरकारी आवासों का भी लिया जायजा

जिला कलेक्टर ने राधाकिशनपुरा स्थित सरकारी आवासों का भी निरीक्षण किया।

उन्होंने वहां जलभराव, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की जानकारी लेकर संबंधित विभागों को सुधारात्मक कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

ओवरब्रिज निर्माण से प्रभावित व्यवस्थाओं को सुधारने पर जोर

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विशेष रूप से नवलगढ़ रोड और पिपराली रोड पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज के कारण प्रभावित व्यवस्थाओं को जल्द दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

उन्होंने मानसून के दौरान वर्षा जल की सुचारू निकासी सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी और स्थायी प्रबंध करने पर बल दिया।

अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान यूआईटी सचिव जे.पी. गौड़, उपखंड अधिकारी निखिल कुमार, नगर परिषद वरिष्ठ आयुक्त शशिकांत शर्मा, वृत्ताधिकारी संदीप सिंह, अधिशाषी अभियंता रामकुमार चाहिल, अधीक्षण अभियंता सुभाष चंद्र देवन्दा, जे.पी. यादव और महीपाल देवन्दा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।