सीकर, आगामी पंचायती राज चुनाव की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर आशीष मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित हुई।
बैठक में चुनाव से जुड़े विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रभारी अधिकारियों ने भाग लिया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी प्रकोष्ठों की तैयारियों की विस्तारपूर्वक समीक्षा करते हुए अब तक की प्रगति की जानकारी ली।
उन्होंने चुनाव प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रकोष्ठवार जिम्मेदारियां तय करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने प्रकोष्ठ से संबंधित कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करें और आपसी समन्वय के साथ निर्वाचन व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करें।
क्रिटिकल मतदान केंद्रों पर विशेष फोकस
कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने क्रिटिकल मतदान केंद्रों के निर्धारण को लेकर पुलिस प्रशासन को पुलिस उप अधीक्षकों के साथ बैठक कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कमजोर वर्ग के मतदाता भयमुक्त होकर मतदान कर सकें, इसके लिए आवश्यक सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
प्रकोष्ठ प्रभारियों को संबंधित प्रकोष्ठों में कार्मिकों की नियुक्ति संबंधी ई-फाइल जिला निर्वाचन अधिकारी को भेजने के निर्देश भी दिए गए।
महिला मतदाताओं और दिव्यांग-बुजुर्गों की सुविधा
कलेक्टर ने मतदान केंद्रों पर महिला मतदाताओं की पहचान की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार तय करने को कहा।
उन्होंने 15 अक्टूबर तक डीलरों से पीओएल कूपन संबंधी सूचना भिजवाने के निर्देश भी दिए।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी अनिल कुमार ने दिव्यांग एवं बुजुर्ग मतदाताओं की सुविधा के लिए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग को मतदान केंद्रों पर पर्याप्त व्हीलचेयर की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
प्रशिक्षण और नियंत्रण कक्ष को मजबूत करने के निर्देश
बैठक में निर्वाचन नियंत्रण कक्ष को तकनीकी रूप से सुदृढ़ करने पर भी जोर दिया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सेक्टर, एरिया मजिस्ट्रेट और पीआरओ के प्रशिक्षण समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति कोई भी अधिकारी या कार्मिक अवकाश पर नहीं जाएगा।
इन चुनावी प्रकोष्ठों की हुई समीक्षा
बैठक में आदर्श आचार संहिता, प्रशिक्षण, डाक मतपत्र, आईटी, निर्वाचन मार्गदर्शिका एवं प्लान, रूट चार्ट, चेक पोस्ट, सेक्टर एरिया मजिस्ट्रेट, यातायात, स्वीप, रसद, निर्वाचन लेखा, नियंत्रण कक्ष तथा मीडिया एवं सोशल मीडिया सहित अन्य प्रकोष्ठों की तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक में सीईओ जिला परिषद राजपाल यादव, डीआईजी स्टाम्प नीरज मीणा, राजस्व अपीलीय अधिकारी राकेश गढ़वाल, यूआईटी सचिव राजवीर चौधरी, सीकर एसडीएम सुभाष चन्द्र, जिला परिवहन अधिकारी ताराचंद बंजारा, संयुक्त निदेशक डीओईटी सत्यनारायण चौहार, जिला साक्षरता अधिकारी चन्द्र प्रकाश महर्षि सहित संबंधित प्रकोष्ठों के प्रभारी अधिकारी एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
