झुंझुनूं। जिला मुख्यालय स्थित न्यू राजस्थान पब्लिक स्कूल के पांच प्रतिभावान खिलाड़ियों का 70वीं राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। जिला स्तर पर आयोजित विभिन्न खेल स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की।

खिलाड़ियों के राज्य स्तर पर चयन से विद्यालय में खुशी का माहौल है। संस्था पदाधिकारियों और स्कूल स्टाफ ने चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।

कुश्ती और ताइक्वांडो में करेंगे जिले का प्रतिनिधित्व

संस्था सचिव इंजी. पीयूष ढूकिया ने बताया कि जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में पांच खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन के आधार पर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए जगह बनाई।

प्रधानाचार्य शुभकरण खीचड़ ने बताया कि युवराज सिंह और साहिल का कुश्ती में चयन हुआ है। वहीं ध्रुव, दीपक कुमार और खुशी ताइक्वांडो में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में ये खिलाड़ी 28 नवंबर से 4 दिसंबर तक झुंझुनूं जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। कुश्ती प्रतियोगिता अनार देवी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, विराट नगर (डीग) तथा ताइक्वांडो प्रतियोगिता देवकीनंदन गौड़ स्मृति विद्या मंदिर संस्थान सीनियर सेकेंडरी स्कूल, ब्यावर में आयोजित होगी।

खिलाड़ियों और कोच का किया सम्मान

खिलाड़ियों के चयन के अवसर पर विद्यालय परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें चयनित खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों और खेल प्रशिक्षकों (कोच) का सम्मान किया गया।

संस्था निदेशक इंजी. प्यारेलाल ढूकिया ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह संस्थान के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि बच्चों की मेहनत, अनुशासित ट्रेनिंग और खेल के प्रति समर्पण से यह उपलब्धि हासिल हुई है।

उन्होंने राज्य स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।

शारीरिक शिक्षकों के योगदान की सराहना

इंजी. प्यारेलाल ढूकिया ने विद्यालय के शारीरिक शिक्षक विजय चौधरी और मोहित महला के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षकों ने खिलाड़ियों को तैयार करने में लगातार मेहनत की।

कार्यक्रम में निधि सिहाग, सुधीर शर्मा, मंगलाराम जांगिड़, सुभाष बिलखीवाल सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ, प्रबुद्ध नागरिक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

इस दौरान विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों ने तालियों से खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...