Archive Notice: This article was originally published on 25 जून 2026.
Information, figures, and context may have changed since the time of publication.

कैफे में रची गई थी केतन की मौत की साजिश!

पुणे। चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में जांच के दौरान नया वीडियो सामने आने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार हत्या से एक दिन पहले, 17 जून को, आरोपी सिया और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी एक कैफे में मिले थे, जहां कथित तौर पर केतन की हत्या की योजना बनाई गई।

जांच में सामने आया है कि दोनों ने लोहगढ़ किले पर वह स्थान भी पहले से चुन लिया था, जहां से केतन को खाई में धक्का देने की योजना थी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यदि यह योजना असफल रहती तो सड़क हादसे के जरिए हत्या करने की वैकल्पिक साजिश भी तैयार की गई थी।

पहले भी दो बार की गई थी कथित कोशिश

पुलिस जांच के मुताबिक 31 मई को सिया और केतन लोहगढ़ किले गए थे। इसी दौरान सिया के मन में कथित तौर पर हत्या की योजना बनी।

इसके बाद 14 जून को भी केतन को पहाड़ी से धक्का देने की कोशिश की गई। पुलिस का दावा है कि उस समय पेड़ का सहारा मिलने से उसकी जान बच गई। सिया ने सांप दिखने का बहाना बनाकर घटना को हादसा बताया था।

18 जून को हुई वारदात

जांच एजेंसियों के अनुसार 18 जून को सिया ने प्री-वेडिंग फोटोशूट का बहाना बनाकर केतन को दोबारा लोहगढ़ किले बुलाया। पुलिस का आरोप है कि वहां पहले से मौजूद चेतन चौधरी के साथ मिलकर केतन को खाई में धक्का दिया गया।

मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस आमने-सामने बैठाकर दोनों से पूछताछ कर रही है।

जांच में मिले कई अहम सुराग

पुलिस ने जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल की। अधिकारियों के अनुसार सिया और चेतन के बीच लंबे समय से लगातार संपर्क था। पुलिस ने चेतन के एक कर्मचारी को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है और पूरे घटनाक्रम की विभिन्न पहलुओं से जांच जारी है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और अंतिम निष्कर्ष न्यायिक प्रक्रिया एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही तय होगा।

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...