दिल्ली से भटिंडा जा रही ट्रेन में करीब तीन करोड़ रुपये मूल्य के सोने के गहनों की चोरी के सनसनीखेज मामले का खुलासा हो गया है। हरियाणा पुलिस की विशेष अनुसंधान टीम (एसआईटी) और झुंझुनूं जिला पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नवलगढ़ क्षेत्र से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर जमीन में गाड़कर छिपाया गया करीब दो करोड़ रुपये मूल्य का सोना बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार यह वारदात 10 जून को हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए हरियाणा में मामला दर्ज कर एसआईटी गठित की गई थी। तकनीकी और स्थानीय स्तर पर जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर दोनों राज्यों की पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर आरोपियों तक पहुंच बनाई।

कैसे हुई थी करोड़ों के सोने की चोरी?

करौली जिले के बड़ागांव निवासी नरेंद्र सिंह गुर्जर भटिंडा की एक निजी लॉजिस्टिक कंपनी के लिए सोने के गहनों की डिलीवरी का कार्य करता है। वह दिल्ली से करीब तीन करोड़ रुपये मूल्य के सोने के गहनों से भरा बैग लेकर दिल्ली-भटिंडा ट्रेन से रवाना हुआ था।

यात्रा के दौरान ट्रेन हरियाणा के जाखल स्टेशन पर रुकी। इसी दौरान नरेंद्र सिंह पानी की बोतल लेने के लिए ट्रेन से नीचे उतरे। पुलिस के अनुसार, इसी मौके का फायदा उठाकर अज्ञात चोर उनकी सीट पर रखा गहनों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। वापस लौटने पर बैग गायब मिला, जिसके बाद जीआरपी थाना जींद में चोरी का मामला दर्ज किया गया।

झुंझुनूं में संयुक्त कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार

जांच के दौरान हरियाणा पुलिस की एसआईटी 7 और 10 जुलाई को झुंझुनूं के नवलगढ़ थाने पहुंची। इसके बाद नवलगढ़ थाना पुलिस ने स्थानीय स्तर पर सूचनाएं एकत्र कीं और संयुक्त रणनीति तैयार की।

पुलिस टीमों ने नवलगढ़ की डेरावाली ढाणी में दबिश देकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि उन्होंने जेवरात को जमीन में गाड़कर छिपा रखा है।

जमीन में गाड़कर छिपाया था सोना

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने जमीन में छिपाया गया करीब दो करोड़ रुपये मूल्य का सोना बरामद कर लिया। बरामदगी के बाद पुलिस अब शेष चोरी गए जेवरात की तलाश और मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ऋषभ, गोविंद निवासी डेरावाली ढाणी, नवलगढ़ तथा बबलू निवासी नवलड़ी, थाना नवलगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई और विस्तृत पूछताछ में जुटी हुई है।

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...