Information, figures, and context may have changed since the time of publication.
झुंझुनूं जिले में खाद्य सुरक्षा योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जारी है। जिला रसद अधिकारी डॉ. निकिता राठौड़ ने बताया कि आवेदन करने से पहले परिवार के सभी सदस्यों की आधार सीडिंग और जन-आधार मैपिंग पूरी होना अनिवार्य है। इन प्रक्रियाओं के बिना खाद्य सुरक्षा योजना के लिए आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने पात्र परिवारों से समय रहते आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने की अपील की है।
आवेदन से पहले पूरी करें आधार सीडिंग
जिला रसद अधिकारी ने बताया कि राशन कार्ड में आधार सीडिंग उचित मूल्य की दुकान, पंचायत समिति, उपखंड अधिकारी कार्यालय या जिला रसद अधिकारी कार्यालय के माध्यम से करवाई जा सकती है।
आधार सीडिंग पूरी होने के बाद ही खाद्य सुरक्षा योजना के लिए आवेदन की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी।
जन-आधार मैपिंग के लिए यह शर्त जरूरी
विभाग के अनुसार जन-आधार मैपिंग स्वतः होने वाली प्रक्रिया है। इसके लिए राशन कार्ड और जन-आधार में सभी सदस्यों का नाम, जन्मतिथि और पिता का नाम समान होना आवश्यक है।
यदि दोनों दस्तावेजों में विवरण अलग-अलग है तो पहले उसे सही करवाना होगा।
ई-केवाईसी नहीं होने पर हो सकती है परेशानी
जिला रसद अधिकारी ने बताया कि परिवार के सभी सदस्यों के आधार राशन कार्ड से जुड़े होने चाहिए तथा उचित मूल्य की दुकान पर सभी सदस्यों की ई-केवाईसी करवाना भी अनिवार्य है।
उन्होंने बताया कि जिन सदस्यों के नाम ई-केवाईसी नहीं होने के कारण राशन कार्ड में निष्क्रिय (इनएक्टिव) हो गए हैं, उन्हें फिलहाल दोबारा सक्रिय करने का विकल्प उपलब्ध नहीं है। विभागीय दिशा-निर्देश मिलने के बाद ही ऐसे नाम पुनः सक्रिय किए जा सकेंगे।
