Archive Notice: This article was originally published on 13 जून 2026.
Information, figures, and context may have changed since the time of publication.

फायरिंग केस में बड़ा खुलासा, गैंगस्टरों का फाइनेंसर गुजरात से गिरफ्तार

चूरू जिले के रतनगढ़ में कांग्रेस नेता एवं प्रॉपर्टी डीलर के मकान पर हुई फायरिंग के चर्चित मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टरों के वित्तीय नेटवर्क से जुड़े एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुजरात निवासी 43 वर्षीय जयेश रणछोड़ भाई को हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।

विदेश में बैठे गैंगस्टरों का संभालता था वित्तीय नेटवर्क

रतनगढ़ थाना प्रभारी गौरव खिड़िया ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी जयेश विदेश में बैठे गैंगस्टरों के लिए भारत में वित्तीय मैनेजमेंट का काम करता था। वह गैंगस्टरों के निर्देश पर विभिन्न लोगों को ऑनलाइन भुगतान करता था, जिससे फायरिंग और अन्य आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने में मदद मिलती थी।

पुलिस के अनुसार आरोपी की भूमिका केवल पैसों के लेन-देन तक सीमित नहीं थी, बल्कि वह गैंग के आर्थिक नेटवर्क को संचालित करने में भी महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।

फायरिंग मामले में अब तक 8 गिरफ्तार

पुलिस जांच में सामने आया है कि इस मामले में अब तक कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

इनमें शामिल हैं:

  • फायरिंग करने वाले दो शूटर
  • शूटर्स की मदद करने वाले जयपुर निवासी दो युवक
  • गैंगस्टर रोहित गोदारा के माता-पिता
  • वीरेंद्र चारण के पिता
  • वित्तीय प्रबंधन संभालने वाला जयेश रणछोड़ भाई

पुलिस का मानना है कि इन गिरफ्तारियों से गैंग के नेटवर्क और फायरिंग की साजिश से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

पुलिस रिमांड में होंगे कई खुलासे

जांच एजेंसियां अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी हैं कि फायरिंग की घटना के लिए धनराशि कहां से आई, किन खातों के माध्यम से लेन-देन हुआ और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं।

पुलिस को उम्मीद है कि रिमांड के दौरान गैंगस्टरों के आर्थिक तंत्र और उनके स्थानीय सहयोगियों से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं।

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...