Information, figures, and context may have changed since the time of publication.
सरदारशहर में दर्दनाक सड़क हादसा: मां-बेटे की मौत
चूरू जिले के सरदारशहर क्षेत्र में मंगलवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां और बेटे की मौत हो गई। दोनों बैंक से पैसे निकालकर अपने गांव लौट रहे थे, तभी रास्ते में बाइक अनियंत्रित होकर पोल से टकरा गई।
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
बैंक से लौटते समय हुआ हादसा
परिवार के सदस्य मोहनराम मेघवाल ने बताया कि बोघेरा निवासी रामस्वरूप (27) पुत्र सोहनराम मेघवाल अपनी मां इमरती (56) के साथ पास के गांव शिमला में बैंक से पैसे निकालने गए थे।
दोनों बैंक का काम पूरा कर बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान शिमला-बोघेरा मार्ग पर अचानक सामने एक कैंपर वाहन आ गया।
कैंपर सामने आने से बिगड़ा बाइक का संतुलन
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, सामने वाहन आने पर बाइक चालक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक सड़क किनारे लगे पोल से जा टकराई।
हादसा इतना भीषण था कि रामस्वरूप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल उनकी मां इमरती ने सरदारशहर उप जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
पुलिस ने करवाया पोस्टमॉर्टम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को सरदारशहर अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया।
बाद में पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक रामस्वरूप मेघवाल पेशे से राजमिस्त्री था। उसके परिवार में पिता, पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं।
रामस्वरूप के पिता खेती-बाड़ी का काम करते हैं। युवा बेटे की असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव बोघेरा में भी शोक का माहौल है।
