Archive Notice: This article was originally published on 19 जून 2026.
Information, figures, and context may have changed since the time of publication.

री-नीट 2026 परीक्षा: निष्पक्ष आयोजन के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम

सीकर में 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली री-नीट (यूजी)-2026 परीक्षा को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा के सफल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए कलेक्ट्रेट सभागार एवं पुलिस लाइन में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता पुलिस महानिरीक्षक जयपुर संभाग राहुल प्रकाश ने की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समय में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

परीक्षा केंद्रों पर रहेगा कड़ा सुरक्षा घेरा

पुलिस महानिरीक्षक राहुल प्रकाश ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पुरुष एवं महिला पुलिसकर्मियों सहित पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।

प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक पुलिस अधिकारी की नियुक्ति होगी। वहीं प्रश्न-पत्रों और ओएमआर उत्तर-पत्रकों के सुरक्षित परिवहन के लिए भी विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी।

पेपर लीक, नकल गिरोह और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी। परीक्षा केंद्रों के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा।

हेल्पलाइन और ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष फोकस

परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की पेपर लीक या संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने के लिए पुलिस हेल्पलाइन भी जारी की गई है।

इसके अलावा परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए शहर में अतिरिक्त यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।

सभी वीक्षक होंगे सरकारी कर्मचारी

बैठक में शिक्षा एवं उच्च शिक्षा विभाग को निर्देश दिए गए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर 100 प्रतिशत राजकीय कार्मिकों की नियुक्ति की जाए।

वीक्षकों, लिपिकों और सहायक कर्मचारियों का पूर्व सत्यापन किया जाएगा। यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि उनके खिलाफ पूर्व में नकल संबंधी कोई मामला लंबित न हो।

प्रत्येक सिटी कॉर्डिनेटर को जरूरत पड़ने पर उपयोग के लिए 10-10 रिजर्व वीक्षकों की सूची उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं।

परीक्षा केंद्रों का होगा भौतिक सत्यापन

सभी सिटी कॉर्डिनेटरों को परीक्षा केंद्रों का भौतिक निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि केंद्रों की चारदीवारी सुरक्षित और पूर्ण हो।

साथ ही प्रत्येक केंद्र पर जनरेटर की व्यवस्था कर परीक्षा से एक दिन पहले उसका ड्राई रन कराया जाएगा।

जैमर और वीडियोग्राफी से होगी निगरानी

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा से एक दिन पूर्व जैमर स्थापित कर उनका परीक्षण किया जाएगा।

इसके अलावा गोपनीय परीक्षा सामग्री प्राप्त करने और उसके संचालन की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।

परीक्षार्थियों की स्वास्थ्य सुरक्षा के भी निर्देश

बैठक में यह भी तय किया गया कि यदि परीक्षा के दौरान किसी परीक्षार्थी की तबीयत खराब होती है तो उसे तुरंत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

गंभीर स्थिति में प्रश्न-पत्र और ओएमआर शीट जमा करवाने के बाद परीक्षा केंद्र के कार्मिक की निगरानी में उपचार कराया जाएगा। किसी भी परिस्थिति में परीक्षार्थी को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।

यदि परीक्षार्थी निर्धारित अवधि के भीतर स्वस्थ हो जाता है तो एनटीए के नियमों के अनुसार उसे दोबारा परीक्षा में शामिल होने का अवसर दिया जाएगा।

मोबाइल फोन पर भी रहेगी सख्ती

सभी केंद्राधीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा अवधि के दौरान वीक्षकों के मोबाइल फोन सील कर मुख्य द्वार पर तैनात पुलिसकर्मी के पास सुरक्षित रखवाए जाएं, ताकि परीक्षा की गोपनीयता बनी रहे।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में जिला कलेक्टर आशीष मोदी, पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नुनावत, एडीएम एवं परीक्षा नोडल अधिकारी रतन कुमार, एडीएम शहर भावना शर्मा तथा केंद्रीय विद्यालय सीकर के प्राचार्य नरसी लाल बिजारणियां सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...