Archive Notice: This article was originally published on 26 मई 2026.
Information, figures, and context may have changed since the time of publication.

ऑपरेशन नकेल’ के तहत 27 लाख की अफीम जब्त, 3 तस्कर गिरफ्तार

चूरू जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन नकेल’ के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सरदारशहर और भानीपुरा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 27 लाख रुपये से अधिक कीमत के मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 5 किलो 445 ग्राम अफीम और 1.45 किलोग्राम डोडा पोस्त चूरा बरामद किया। मामले में कुल तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस नाकाबंदी तोड़कर भागने की कोशिश

जिला पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम. ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार और वृताधिकारी कुलदीप वालिया के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई।

24 मई 2026 को सरदारशहर थानाधिकारी मदनलाल बिश्नोई अपनी टीम के साथ हनुमानगढ़ मेगा हाईवे पर भोजरासर के पास नाकाबंदी कर रहे थे। इसी दौरान एक संदिग्ध कार तेज गति से आती दिखाई दी।

पुलिस के रुकने के संकेत देने पर चालक ने नाकाबंदी तोड़कर भागने का प्रयास किया। तेज रफ्तार के कारण कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी शिलान्यास पट्टी से टकरा गई।

कार से मिली भारी मात्रा में अफीम

पुलिस ने मौके से तालिब हुसैन मंसूरी (23) निवासी बेगूं, चित्तौड़गढ़ को पकड़ लिया। कार की तलाशी में 4 किलो 670 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई।

इस दौरान कार में बैठा दूसरा आरोपी मौके से भाग निकला।

भानीपुरा पुलिस ने दूसरे आरोपी को दबोचा

सरदारशहर पुलिस की सूचना पर भानीपुरा थानाधिकारी अरविंद सिंह और उनकी टीम ने कार्रवाई करते हुए भाग रहे आरोपी समीर मोहम्मद (25) निवासी बेगूं, चित्तौड़गढ़ को हरदेसर प्रवेश द्वार के पास से गिरफ्तार किया।

तलाशी के दौरान उसके पास से 530 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई।

दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं।

ट्रेलर से डोडा पोस्त और अफीम बरामद

एक अन्य कार्रवाई में भानीपुरा पुलिस ने मेगा हाईवे पर नाकाबंदी के दौरान 18 चक्का ट्रेलर की तलाशी ली।

ट्रेलर से 1.45 किलो डोडा पोस्त चूरा और 245 ग्राम अफीम बरामद की गई। मामले में रसपाल सिंह निवासी पंजाब को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने ट्रक और कार दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

पूरी कार्रवाई में सरदारशहर और भानीपुरा थाना पुलिस की विशेष भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...