Information, figures, and context may have changed since the time of publication.
सुजानगढ़ में कृषि मंत्री का छापा, मूंगफली बीज बताए घटिया
चूरू। राजस्थान के कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा ने मंगलवार शाम चूरू जिले की सुजानगढ़ तहसील के गेड़ाप गांव में स्थित श्री बालाजी एग्रो इंडस्ट्रीज और बालाजी ट्रेडिंग कंपनी पर पहुंचकर मूंगफली बीजों की जांच की।
जांच के दौरान मंत्री ने बीजों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाते हुए उन्हें घटिया और संदिग्ध गुणवत्ता का बताया।
“मंडी की मूंगफली को बीज बनाकर बेच रहे”
कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा ने कहा कि सरकार ने कंपनियों को सर्टिफाइड बीज तैयार करने की अनुमति दी है। लेकिन यहां साधारण मंडी से खरीदी गई मूंगफली को कट्टों में भरकर बीज बताकर ऊंचे दामों में बेचा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी और कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार बीज आरजी 510 स्तर की गुणवत्ता का होना चाहिए, लेकिन यहां ऐसा नहीं पाया गया।
किसानों की फसल और सेहत पर खतरा
मंत्री मीणा ने आरोप लगाया कि किसानों को ऐसे बीज बेचे जा रहे हैं जिनमें एफ्लाटॉक्सिन नाम का खतरनाक फंगस पाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि यह फंगस कई गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है और इसी वजह से विदेशों में भारतीय मूंगफली के निर्यात पर भी असर पड़ा है।
“घटिया बीज से किसान को दोहरा नुकसान”
कृषि मंत्री ने कहा कि खराब गुणवत्ता के बीजों से किसानों की फसल कमजोर होती है और पैदावार भी घट जाती है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि किसानों के साथ धोखाधड़ी करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
बीजों के लिए गए सैंपल
मंत्री ने बताया कि मौके से बीजों के सैंपल लिए गए हैं और उनका ग्रोथ टेस्ट करवाया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
किसानों से सावधान रहने की अपील
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे केवल प्रमाणित और विश्वसनीय स्रोतों से ही बीज खरीदें। साथ ही किसी भी संदिग्ध बीज की जानकारी तुरंत विभाग को दें।
