Archive Notice: This article was originally published on 2 जून 2026.
Information, figures, and context may have changed since the time of publication.

मंदिर चोरी केस: चांदी के छत्र चुराने वाला आरोपी गिरफ्तार

चूरू जिले के सुजानगढ़ कस्बे में स्थित दुलिया बास के माताजी मंदिर से चांदी के छत्र, गिलास और चम्मच चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने आरोपी को हनुमानगढ़ जिले के नोहर स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र से दस्तयाब कर हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद आरोपी की संलिप्तता सामने आने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

दिनदहाड़े हुई थी मंदिर में चोरी

जानकारी के अनुसार दुलिया बास निवासी विनोद कुमार ने 18 अप्रैल 2026 को सुजानगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।

रिपोर्ट में बताया गया था कि अज्ञात चोर दिन के समय माताजी मंदिर से चांदी के छत्र, गिलास और चम्मच चोरी कर ले गए थे। धार्मिक स्थल में हुई चोरी के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली थी।

पुलिस ने गठित की थी विशेष टीम

मामले की गंभीरता को देखते हुए चूरू जिला पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया।

कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सतपाल सिंह, वृताधिकारी स्वाती तथा सुजानगढ़ थानाधिकारी बेगाराम मीणा के सुपरविजन में की गई।

CCTV फुटेज से मिला सुराग

जांच अधिकारी उपनिरीक्षक रामस्वरूप और उनकी टीम ने मंदिर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

इसके साथ ही कस्बे और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश शुरू की गई। लगातार तकनीकी और भौतिक जांच के बाद पुलिस को आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली।

नोहर के नशा मुक्ति केंद्र से पकड़ा गया आरोपी

पुलिस जांच में वार्ड नंबर 37 हरिजन बस्ती निवासी 21 वर्षीय संतोष कुमार उर्फ कानू लोहिया पुत्र विष्णु कुमार वाल्मीकि का नाम सामने आया।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने हनुमानगढ़ जिले के नोहर स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र में दबिश दी और आरोपी को वहां से पकड़ लिया।

चोरी का सामान बरामद करने का प्रयास जारी

पुलिस फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है।

अधिकारियों के अनुसार चोरी गए चांदी के सामान की बरामदगी, वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और संभावित अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में जांच जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकता है।

इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका

मामले के खुलासे में सुजानगढ़ थानाधिकारी बेगाराम मीणा, उपनिरीक्षक रामस्वरूप और सहायक उपनिरीक्षक तेजाराम सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...