Information, figures, and context may have changed since the time of publication.
जिले में 5 लाख से अधिक उपभोक्ताओं को मिल रही नियमित गैस सप्लाई
चूरू जिले में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है। जिला कलेक्टर अभिषेक सुराणा ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में जिले में गैस आपूर्ति व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है।
जिले में 5 लाख से अधिक गैस उपभोक्ता
जिला कलेक्टर ने बताया कि चूरू जिले में वर्तमान में 5,14,654 एलपीजी उपभोक्ता हैं।
इनमें
- 5,13,951 घरेलू उपभोक्ता
- 1,063 वाणिज्यिक उपभोक्ता शामिल हैं।
जिले में कुल 43 गैस एजेंसियां संचालित हैं, जिनमें
- 23 इंडियन ऑयल
- 12 भारत पेट्रोलियम
- 08 हिंदुस्तान पेट्रोलियम की एजेंसियां शामिल हैं।
फिलहाल घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 929.50 रुपये है।
गैस का पर्याप्त स्टॉक, CNG भी उपलब्ध
जिले में 4 सीएनजी स्टेशन संचालित हैं और उनकी दैनिक खपत करीब 6000 किलोग्राम है।
आयल कंपनियों के पास वर्तमान में 26,456 किलोग्राम गैस स्टॉक उपलब्ध है, जिससे सीएनजी की उपलब्धता भी सामान्य बनी हुई है।
कालाबाजारी और अवैध रीफिलिंग पर सख्त कार्रवाई
जिला प्रशासन ने गैस की कालाबाजारी और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए संयुक्त जांच टीमें गठित की हैं।
इन टीमों में
- प्रवर्तन निरीक्षक
- पुलिस थानाधिकारी
- तहसीलदार
शामिल हैं, जो नियमित रूप से निरीक्षण करेंगे।
ऐसे मामलों में आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 और एलपीजी आपूर्ति विनियमन आदेश 2000 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गैस वाहनों के लिए बनाया गया ग्रीन कॉरिडोर
प्रशासन ने एलपीजी वाहनों के सुचारू परिवहन के लिए पुलिस और प्रशासन के सहयोग से ग्रीन कॉरिडोर भी स्थापित किया है।
इससे गैस सिलेंडरों की सप्लाई में किसी प्रकार की बाधा न आए।
25 दिन बाद ही करें गैस सिलेंडर बुकिंग
जिला कलेक्टर ने बताया कि उपभोक्ताओं को 25 दिन के अंतराल पर गैस सिलेंडर बुकिंग करने की व्यवस्था लागू है।
साथ ही गैस की आपूर्ति ओटीपी आधारित डिजिटल ऑथेंटिकेशन सिस्टम से की जा रही है, जिससे पारदर्शिता बनी रहे।
शिकायत के लिए जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर
यदि किसी को गैस की कालाबाजारी, अवैध रीफिलिंग या अन्य समस्या की जानकारी मिलती है तो वे इन नंबरों पर शिकायत कर सकते हैं:
- उपभोक्ता मामलात हेल्पलाइन: 14435
- संपर्क हेल्पलाइन: 181
- पुलिस हेल्पलाइन: 112
- जिला कंट्रोल रूम: 01562-250927
प्रशासन की अपील
जिला कलेक्टर ने आमजन से अपील की कि अफवाहों पर विश्वास न करें और पैनिक बुकिंग से बचें।
उन्होंने कहा कि लोग गैस का अनावश्यक भंडारण न करें और जरूरत पड़ने पर सोलर कुकर या इलेक्ट्रिक इंडक्शन जैसे वैकल्पिक साधनों का उपयोग भी कर सकते हैं।
